Edited By Tanuja,Updated: 13 Sep, 2020 02:18 PM
पाकिस्तान में CPEC के चेयरमैन रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल असीम बाजवा के बेटों की 5 कंपनियों की जानकारियां आर्थिक मामलों की..
इस्लामाबादः पाकिस्तान में CPEC के चेयरमैन रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल असीम बाजवा के बेटों की 5 कंपनियों की जानकारियां आर्थिक मामलों की नियामक संस्था 'द सिक्युरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन' ने अपनी वेबसाइट से हटा दी हैं। बाजवा के सेना में कार्यकाल के दौरान उनकी देश-विदेश में बढ़ी संपत्तियों की जानकारी हाल ही में सार्वजनिक हुई है।
इसके बाद से बाजवा लोगों के निशाने पर आ गए हैं। चर्चाओं के बीच बाजवा ने इसी महीने के शुरू में प्रधानमंत्री इमरान खान के विशेष सलाहकार के ओहदे से इस्तीफा दिया। यह ओहदा देश के मंत्री के बराबर का था। माना जा रहा है कि चाइना-पाकिस्तान इकोनोमिक कॉरीडोर (CPEC) के चेयरमैन के रूप में पाकिस्तान के हितों की बलि चढ़ाकर भी बाजवा ने लाभ अर्जित किया है।
उनके तीन बेटों-मुहम्मद सलीम बाजवा, ईशा सलीम बाजवा और अजीब सलीम बाजवा की पांच कंपनियों की जानकारियां नियामक संस्था की वेबसाइट पर थीं। बाजवा और उनके परिवार की संपत्तियों की जानकारी 27 अगस्त को सार्वजनिक हुई थी। इसके दो सप्ताह बाद तक बाजवा के बेटों की कंपनियों की जानकारियां सरकारी वेबसाइट पर बनी रहीं लेकिन जब चर्चा तेज हुई तो उन्हें हटा दिया गया। संस्था के चेयरमैन आमिर खान ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया।