चंद घंटों में 100 से अधिक भूकंप के झटकों से दहला पनामा; 400 इमारतें ढहीं व सड़कों में दरारें, 9 देशों में सुनामी का अलर्ट(Video)

Edited By Updated: 11 Oct, 2026 11:36 AM

panama witnessed more than 100 earthquake tremors in 18 hours

पनामा में 7.6 तीव्रता के भूकंप के बाद 18 घंटे में 100 से ज्यादा झटके महसूस किए गए। 400 से अधिक इमारतों को नुकसान पहुंचा और 27 लोगों के घायल होने की खबर आई। नौ देशों में सुनामी की चेतावनी जारी हुई। मेट्रो, स्कूल और हवाई अड्डे की सेवाएं अस्थायी रूप से...

Panama City: पनामा में शुक्रवार दोपहर 7.6 तीव्रता का भूकंप आने के बाद 18 घंटे के भीतर 100 से ज्यादा छोटे झटके महसूस किए गए। इससे घबराए लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। शुरुआती खबरों के मुताबिक, 27 लोग घायल हुए और 400 से ज्यादा इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं।  भूकंप का केंद्र राजधानी पनामा सिटी से करीब 200 किलोमीटर दूर अजुएरो प्रायद्वीप के पास था। पनामा की नागरिक सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, वेरागुआस, हेरेरा और लॉस सैंटोस सहित कई प्रांतों में नुकसान हुआ। पेनोनोमे शहर में एक चर्च का घंटाघर गिर गया और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। वेरागुआस में सड़कों पर दरारें आने की भी खबरें सामने आईं। पेनोनोमे में मलबे की चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया।

 

भूकंप के बाद सुनामी की आशंका को देखते हुए पनामा, कोस्टा रिका, अल सल्वाडोर, पेरू, मेक्सिको, ग्वाटेमाला, निकारागुआ, कोलंबिया और इक्वाडोर के तटीय क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की गई। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, बाद में कई देशों के तटों के लिए यह चेतावनी हटा ली गई। अल सल्वाडोर और चिली के ईस्टर द्वीप के लिए जारी चेतावनी भी वापस ले ली गई। पनामा विश्वविद्यालय के नेस्टर लुके ने बताया कि इस्ला कानास और लॉस सैंटोस के दक्षिणी तट के पास एक से तीन मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका थी। इस्ला कानास में समुद्र का पानी कुछ घरों तक पहुंचने की खबर भी सामने आई।

 

भूकंप के बाद जांच के लिए राजधानी की दो मेट्रो लाइनें बंद कर दी गईं और स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। टोकुमेन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी कुछ घंटों के लिए बंद रखा गया। हालांकि, शुक्रवार दोपहर बाद उड़ानें फिर शुरू हो गईं। भूकंप के कारण छह प्रांतों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। भूकंप के बावजूद पनामा नहर में जहाजों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई और काम सामान्य रूप से चलता रहा। हालांकि, किसी संभावित नुकसान का पता लगाने के लिए जांच दल तैनात किए गए। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और कमजोर इमारतों से दूर रहने की सलाह दी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!