Edited By ,Updated: 04 Nov, 2016 07:44 AM
जलवायु परिवर्तन के वैश्विक संकट से निपटने के लिए पिछले वर्ष हुआ पेरिस जलवायु समझौता आज से लागू हो जाएगा।
वाशिंगटन: जलवायु परिवर्तन के वैश्विक संकट से निपटने के लिए पिछले वर्ष हुआ पेरिस जलवायु समझौता आज से लागू हो जाएगा। संयुक्त राष्ट्र की जलवायु प्रमुख पैट्रिशिया एस्पिनोसा ने कहा कि यह खुशी मनाने का अवसर है। अब हमें विश्व में जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियों से मजबूती से निपटने की जरूरत है। इस ऐतिहासिक क्षण की अभिव्यक्ति भारत और अन्य देश अपनी महत्वपूर्ण इमारतों और स्मारकों पर ‘वी डिड इट’ यानि ‘हमने कर दिखाया’ के नारे के साथ करेंगे।
भारत पेरिस जलवायु समझौते को दो अक्तूबर को महात्मा गांधी की जयंती के दिन स्वीकार कर चुका है। भारत में भी शुक्रवार को पर्यावरण मंत्रालय की इमारत के एक हिस्से पर रोशनी में स्माइली का प्रदर्शन किया जाएगा जिसके पीछे ग्लोब की छवि दिख रही होगी। इसी तरह की तस्वीरों का दुनिया के अन्य कई हिस्सों में भी प्रदर्शन होगा। समझौते के आज लागू होने से 200 देशों पर इस चुनौती से निपटने के लिए योजनाओं के शुरु करने का दबाव भी होगा। पेरिस सम्मेलन में शामिल 197 में से अब तक 94 राष्ट्र समझौते को मंजूर कर चुके हैं।