Edited By Tanuja,Updated: 23 May, 2022 11:52 AM
अफगानिस्तान के तालिबान शासकों ने रविवार को उस आदेश को लागू करना शुरू कर दिया जिसके तहत देश की सभी महिला टीवी एंकरों को...
इंटरनेशनल डेस्कः अफगानिस्तान के तालिबान शासकों ने रविवार को उस आदेश को लागू करना शुरू कर दिया जिसके तहत देश की सभी महिला टीवी एंकरों को प्रसारण के दौरान अपना चेहरा ढकना आवश्यक कर दिया गया है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इस आदेश की निंदा की है। तालिबान के नए फरमान का असर हुआ और न्यूज चैनल पर महिला एंकर्स ढका हुआ चेहरे के साथ नजर आई। हालांकि, अफगानिस्तान में कई महिला पत्रकारों ने इस आदेश का विरोध किया, लेकिन बढ़ते दबाव के चलते उन्हें बात माननी पड़ी। हाल ही में तालिबान ने आदेश जारी किए हैं, जिनमें महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाकर कई प्रतिबंध शामिल हैं।
बृहस्पतिवार को आदेश की घोषणा के बाद, केवल कुछ मीडिया संस्थानों ने आदेश का पालन किया था। लेकिन रविवार को तालिबान के शासकों द्वारा आदेश को लागू किए जाने के बाद ज्यादातर महिला प्रस्तोताओं को अपने चेहरे ढके हुए देखा गया। ‘टोलो न्यूज’ की एक टीवी प्रस्तोता सोनिया नियाजी ने कहा, ‘‘यह सिर्फ एक बाहरी संस्कृति है, जो हम पर थोपी गई है, जो हमें अपना चेहरा ढकने के लिए मजबूर करती है और जो हमारे कार्यक्रमों को प्रस्तुत करते समय हमारे लिए एक समस्या पैदा कर सकती है।’’
एक स्थानीय मीडिया अधिकारी ने पुष्टि की कि उनके स्टेशन को पिछले हफ्ते आदेश मिला था, लेकिन रविवार को इस आदेश को लागू करने के लिए मजबूर किया गया। गौरतलब है कि 1996-2001 तक अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता के दौरान महिलाओं पर बुर्का पहनने समेत कई प्रतिबंध लगाये गये थे। उस वक्त, लड़कियों और महिलाओं को शिक्षा से वंचित कर दिया गया था और सार्वजनिक जीवन से बाहर रखा गया था।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार को महिला एंकर्स ने हिजाब और नकाब के साथ न्यूज बुलेटिन पेश किए। इनमें टोलो न्यूज, आरियाना टेलीविजन, शमशाद टीवी और 1टीवी जैसे कई बड़े चैनल का नाम शामिल है।
इस महीने अफगानिस्तान के सुप्रीम लीडर हिबतुल्लाह अखुंदजादा ने सार्वजनिक जगहों पर चेहरा कवर करने का फरमान जारी किया था।टोलो न्यूज में प्रेजेंटर सोनिया नियाजी ने एजेंसी एएफपी को बताया कि उन्होंने मास्क पहनने के फरमान का विरोध किया था। उन्होंने कहा, 'लेकिन टोलो न्यूज पर दबाव था और कहा गया था कि जो फीमेल प्रेजेंटर्स बगैर चेहरा ढंके स्क्रीन पर आएंगी उन्हें कोई अन्य काम दिया जाएगा या हटा दिया जाएगा।' उन्होंने कहा, 'टोलो न्यूज मजबूर था और हमें यह पहनना पड़ा।'