Edited By Tanuja,Updated: 16 Dec, 2018 06:13 PM
अमेरिका की एक अदालत ने फ्लाइट में महिला यात्री के साथ अश्लील हरकतें करने के आरोपी भारतीय नागरिक को 9 साल कैद की सजा सुनाई है। दोषी शख्स तमिलनाडु का रहने वाला है...
वॉशिंगटनः अमेरिका की एक अदालत ने फ्लाइट में महिला यात्री के साथ अश्लील हरकतें करने के आरोपी भारतीय नागरिक को 9 साल कैद की सजा सुनाई है। दोषी शख्स तमिलनाडु का रहने वाला है, जिसकी पहचान प्रभु राममूर्ति के रूप में हुई है। 2015 में वह एच-1बी वीजा पर अमेरिका गया था।तभी से वहां प्रोफेशनल के तौर पर काम कर रहा था जानकारी के मुताबिक इसी साल 3 जनवरी को राममूर्ति प्लेन में सवार था। वह लॉस वेगास से डेट्रॉयट जा रहा था।
आरोप है कि उसी फ्लाइट में उसने एक सहयात्री महिला के साथ अश्लील हरकतें की। वारदात के वक्त वह महिला सो रही थी। पता चलने पर पीड़िता ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। जज टेरेंस बर्ज ने कहा कि ये मामला अन्य लोगों को ऐसा अपराध करने से रोकने के लिए पर्याप्त होगा। हालांकि पीड़िता के वकील ने इस घृणित काम के लिए राममूर्ति को 11 साल कैद की सजा देने की मांग की थी। अदालत ने फरमान सुनाया कि सजा पूरी होने के बाद प्रभु राममूर्ति को भारत वापस भेज दिया जाएगा।
अमेरिकी अटर्नी मैथ्यू शिंडर ने सुनवाई के दौरान पीड़ित महिला की तारीफ करते हुए कहा कि इस मामले में आगे आने के लिए पीड़िता के साहस की प्रशंसा करनी चाहिए.। बता दें कि प्रभु राममूर्ति को इसी साल अगस्त में दोषी ठहराया गया था और 13 दिसम्बर गुरुवार को उसे सजा सुनाई गई।