Edited By Isha,Updated: 15 Sep, 2018 05:56 PM
अमरीका में खतरनाक फ्लोरेंस तूफान ने जमकर तबाही मचाई है। 110 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही हवाओं और बारिश से कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। कैरोलिना तट पर तूफान के टक
विलमिंगटन: अमरीका में खतरनाक फ्लोरेंस तूफान ने जमकर तबाही मचाई है। 110 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही हवाओं और बारिश से कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। कैरोलिना तट पर तूफान के टकराने के बाद अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है। कई पेड़ धराशाई हो गए हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। नॉर्थ कैरोलिना के विलमिंगटन इलाके में पेड़ गिरने से एक मां और बच्ची की मौत हो गई, जबकि दिल का दौरा पड़ने से एक महिला की जान चली गई।
तूफान के चलते चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। तूफ़ान के मद्देनजर 17 लाख लोगों को प्रभावित इलाकों से सुरक्षित जगहों पर जाने की चेतावनी जारी की गई थी। उसके बाद भी कुछ लोग होटल या किसी इमारत के धराशायी होने की वजह से फंस गए। नॉर्थ कैरोलिना में तेज़ हवाओं के चलते एक होटल का छत नीचे गिर गया। बाद में यहां से 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
शुक्रवार को कैरोलिना में करीब नौ लाख घरों में बिजली नहीं थी। तूफ़ान के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि बिजली की आपूर्ति बहाल करने में कई दिन या हफ्ते भी लग सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, नॉर्थ और साउथ कैरोलिना के कुछ जगहों पर 3.5 फीट तक बारिश हो सकती है।