Edited By Pardeep,Updated: 10 Oct, 2026 06:18 AM

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि रूस अमेरिका और वैश्विक बाजारों को तत्काल 3 लाख मीट्रिक टन से अधिक डीजल की आपूर्ति करने पर सहमत हो गया है। 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि (मिडटर्म) चुनावों से पहले ईंधन की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित...
वाशिंगटनः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि रूस अमेरिका और वैश्विक बाजारों को तत्काल 3 लाख मीट्रिक टन से अधिक डीजल की आपूर्ति करने पर सहमत हो गया है। 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि (मिडटर्म) चुनावों से पहले ईंधन की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह समझौता किया गया है। ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत के बाद 'ट्रुथ सोशल' पर जानकारी दी कि रूस नवंबर में 5 लाख मीट्रिक टन और उसके तुरंत बाद 10 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त डीजल की आपूर्ति करेगा।

रूस से डीजल आयात को हरी झंडी, ट्रंप बोले- 'कीमतें घटाना सर्वोच्च प्राथमिकता'
समझौते के तहत अमेरिकी वित्त विभाग ने यूक्रेन युद्ध के कारण लगे प्रतिबंधों के बावजूद 7 अप्रैल तक रूसी डीजल के आयात की अनुमति देने वाला एक सामान्य लाइसेंस जारी कर दिया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिकी नागरिकों, विशेष रूप से किसानों, पशुपालकों और ट्रक चालकों के लिए ईंधन की कीमतें कम करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं, पुतिन के दूत किरिल दिमित्रिएव ने भी दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग का स्वागत किया है।
ज़ेलेंस्की का तीखा हमला: 'यह युद्ध में निवेश है, पुतिन के आगे कमज़ोर फैसला'
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने इस समझौते की कड़े शब्दों में आलोचना करते हुए इसे "युद्ध में निवेश" करार दिया है। जेलेंस्की ने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री से रूस को यूक्रेन के खिलाफ युद्ध जारी रखने के लिए अतिरिक्त फंड मिलेगा। जेलेंस्की ने 'X' पर लिखा कि पुतिन को दिए गए ऐसे तोहफे सभ्य दुनिया के लिए शांति नहीं लाएंगे और रूस इस डीजल की 'भरपाई' और अधिक आतंक से करेगा। अमेरिका दौरे पर मौजूद यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल के बीच ज़ेलेंस्की ने इस कदम को "मजबूत साझेदारों का एक कमजोर फैसला" बताया।
ईरान युद्ध के कारण 70% बढ़े दाम, विश्लेषकों ने प्रभाव पर उठाए सवाल
28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किए जाने के बाद से अमेरिका में डीजल की कीमतें करीब 70% तक बढ़ गई हैं और औसतन $6.28 प्रति गैलन तक पहुंच चुकी हैं। हालांकि, समझौते की खबर के बाद अमेरिका में डीजल वायदा कारोबार में 4.8% से अधिक की गिरावट आई और दाम $4.64 प्रति गैलन पर आ गए। कमोडिटी एक्सपर्ट्स ने इस समझौते के दीर्घकालिक असर पर संदेह जताया है; ऑयल रिसर्च कमोडिटीकॉन्टेक्स्ट के संस्थापक रोरी जॉनस्टन ने इसे नगण्य (nothing burger) बताया, जबकि वुड मैकेन्ज़ी के विश्लेषक जिम मिचेल ने कहा कि यह केवल एक अस्थायी राहत है। ईंधन संकट से निपटने के लिए ट्रंप प्रशासन रक्षा उत्पादन अधिनियम (Defense Production Act) का उपयोग करने और घरेलू रिफाइनिंग क्षमता बढ़ाने पर भी विचार कर रहा है।