Edited By Sanjeev,Updated: 05 Nov, 2026 08:10 AM

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने माना है कि ईरान के साथ हुए युद्ध की वजह से मंगलवार के चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने पार्टी की हार को पेट्रोल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी से जोड़ा, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अगर उन्हें...
वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने माना है कि ईरान के साथ हुए युद्ध की वजह से मंगलवार के चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने पार्टी की हार को पेट्रोल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी से जोड़ा, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अगर उन्हें फिर से वही सैन्य फैसला लेना पड़े, तो वे वही करेंगे। बुधवार को व्हाइट हाउस के बॉलरूम में निर्माण कार्य की प्रगति से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि क्या इस संघर्ष की वजह से रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान हुआ है। ट्रंप ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह काफी हद तक सच है।'
उन्होंने आगे कहा कि इस युद्ध की वजह से कुछ समय के लिए पेट्रोल की कीमतें बढ़ गई थीं। इसके बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस सैन्य अभियान का बचाव किया। उन्होंने कहा, 'अगर मुझे यह फिर से करना पड़े, तो मैं फिर से वही करूंगा।' उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की इजाजत नहीं दी जा सकती। जब उनसे पूछा गया कि क्या इस युद्ध के लिए चुकाई गई राजनीतिक कीमत सही थी, तो ट्रंप ने कहा, 'हां, बिल्कुल।' उन्होंने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि तेल की कीमतों में असल में जितनी बढ़ोतरी हुई है, उससे कहीं ज्यादा उछाल आएगा।
उन्होंने ईरान के खिलाफ इस अभियान को चुनावी नफे-नुकसान के बजाय राष्ट्रीय सुरक्षा की एक अहम जरूरत के तौर पर पेश किया। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी सैन्य अभियानों ने ईरान की सैन्य क्षमताओं को भारी नुकसान पहुंचाया है जिसमें उनकी नौसेना, वायु सेना और वायु रक्षा प्रणालियां शामिल हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) से होने वाली तेल की आपूर्ति फिर से बहाल हो गई है। ट्रंप ने कहा कि इस जलमार्ग से अब युद्ध से पहले की तुलना में ज्यादा तेल की ढुलाई हो रही है हालांकि इस दावे के समर्थन में उन्होंने कोई आंकड़े नहीं दिए।