Edited By Tanuja,Updated: 10 May, 2019 05:04 PM
खतरनाक महामारियों को एक देश से दूसरे देश में फैलने से रोकने या नियंत्रित करने के मामले में देशों की क्षमता में सुधार के इरादे से अमेरिकी सरकार...
वाशिंगटनः खतरनाक महामारियों को एक देश से दूसरे देश में फैलने से रोकने या नियंत्रित करने के मामले में देशों की क्षमता में सुधार के इरादे से अमेरिकी सरकार अपनी तरह की पहली रणनीति लेकर आई है। बृहस्पतिवार को इस वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा रणनीति का खुलासा करते व्हाइट हाउस ने बताया कि प्रशासन विभिन्न संघीय विभागों, एजेंसियों और वित्त संस्थाओं की ताकत का लाभ उठाते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक संपूर्ण दृष्टिकोण को अपनाएगा।
व्हाइट हाउस की ओर से रणनीति जारी करने के बाद एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने पत्रकारों को बताया, ‘‘राष्ट्रीय सुरक्षा की आधारशिला के रूप में हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति विशेष रूप से जैविक खतरों और महामारियों से निपटने की पहचान करती है। संक्रामक रोग और महामारी जैसे जैविक खतरे अमेरिकी सरकार के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित प्राथमिकता से जुड़े हैं।'' व्हाइट हाउस ने कहा कि संक्रामक रोगों को महामारी के रूप में दूसरे देशों के बीच फैलने से रोकने तथा उनके नियंत्रण के लिये अमेरिका सहयोगी देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है।