Edited By Seema Sharma,Updated: 22 Jul, 2022 11:54 AM
यूक्रेन से जंग के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ईरान दौरे पर पहुंचे थे। पुतिन की तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन से मुलाकात होनी थी। पुतिन की 19 जुलाई को एर्दोआन से बातचीत होनी थी।
इंटरनेशनल डेस्क: यूक्रेन से जंग के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ईरान दौरे पर पहुंचे थे। पुतिन की तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन से मुलाकात होनी थी। पुतिन की 19 जुलाई को एर्दोआन से बातचीत होनी थी। एर्दोआन से मुलाकात से पहले पुतिन को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा, जिससे वह असहज हो गए। दरअसल एर्दोआन से मिलने के लिए पुतिन को करीब 50 सेकंड तक इंतजार करना पड़ा। इसका वीडियो अब काफी वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पुतिन उस कमरे में आते हैं, जहां तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोआन से उनकी औपचारिक मुलाकात होनी थी, लेकिन वहां उनका अभिवादन करने के लिए कोई नहीं था। कमरे में दोनों देशों के राष्ट्रपतियों के लिए कुर्सियां लगी थीं। पहले पुतिन थोड़ा-सा टहलते हैं फिर अपनी कुर्सी के सामने खड़े हो जाते हैं और एर्दोआन का इंतजार करने लगते हैं।
50 सेकंड तक पुतिन काफी बेचैन दिखे। वे अपने हाथों को बांधकर खड़े हो गए। इस दौरान कभी वे कुर्सियों की तरप देख रहे थे तो कभी फर्श की ओर। इस दौरान पुतिन को मुंह बनाते हुए भी देखा गया। वहीं जैसे ही एर्दोआन कमरे में दाखिल हुए, पुतिन ने दोनों हाथ फैलाकर राहत की सांस ली। एर्दोआन, पुतिन को देखकर मुस्कुराए और गर्मजोशी से हाथ मिलाते हुए कहा, हैलो, कैसे हैं आप, अच्छे?
यहां आपको बता दें कि पुतिन आधिकारिक बैठकों से पहले वैश्विक नेताओं को इंतजार कराने के लिए जाने जाते हैं। वे कई मौकों पर कुछ नेताओं को कई घंटों तक इंतजार करवा चुके हैं। मिडल ईस्ट के एक मीडिया संगठन द नेशनल न्यूज की वरिष्ठ संवाददाता जॉयस करैम ने ट्वीट किया कि यह एर्दोआन के लिए स्वीट पेबैक (Sweet Payback) है। 2020 में पुतिन ने उन्हें दो मिनट तक इंतजार कराकर अपमानित किया था। तुर्की की मीडिया का अंदेशा है कि यह 2020 में मॉस्को में हुई घटना का बदला हो सकता है।