Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Nov, 2017 10:40 AM
शुक्रवार को सिनाई में हुए मस्जिद हमले के बाद मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फ़तह अल-सीसी ने इसका बदला लेने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि अब मिस्र के लोग पहले से भी ज्यादा मज़बूती से आतंकवाद का मुक़ाबला करेंगे...
काहिराः शुक्रवार को सिनाई में हुए मस्जिद हमले के बाद मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फ़तह अल-सीसी ने इसका बदला लेने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि अब मिस्र के लोग पहले से भी ज्यादा मज़बूती से आतंकवाद का मुक़ाबला करेंगे। शुक्रवार को मिस्र में उत्तरी प्रांत सिनाई में करीब 40 बंदूकधारियों ने एक मस्जिद में नमाज़ अदा कर रहे लोगों पर हमला कर दिया था। जिसने भी बाहर निकलने की कोशिश की, जीपों पर सवार होकर आए बंदूकधारियों ने उसे गोली मार दी।
मिस्र के सरकारी टीवी चैनल के मुताबिक इस हमले में कम से कम 235 लोगों की मौत हो गई है और 130 अन्य घायल हुए हैं। घटना के बाद मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतह अल सीसी ने टीवी पर दिए संबोधन में इस हमले में मारे गए और ज़ख्मी हुए लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना का बदला लिया जाएगा।
राष्ट्रपति ने कहा कि, "सेना और पुलिस हमारे शहीदों का बदला लेगी। आने वाले वक्त में सुरक्षा और स्थिरता स्थापित करने के लिए पूरा ज़ोर लगाया जाएगा।" अल-आरिश के क़रीब अल-रावदा में जिस मस्जिद पर हमला हुआ है, वह सूफ़ी मत मानने वालों के बीच लोकप्रिय थी।