Edited By ,Updated: 01 Sep, 2016 05:06 PM
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के स्वास्थ्य विभाग ने दिल्ली में महामारी बनकर फैल रहे चिकनगुनिया के चलते दिल्ली से इंदौर आ रहे लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।
इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के स्वास्थ्य विभाग ने दिल्ली में महामारी बनकर फैल रहे चिकनगुनिया के चलते दिल्ली से इंदौर आ रहे लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। विभाग का कहना है कि ऐसे लोग बुखार अथवा कमजोरी आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर जांच कराएं। इंदौर जिला मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी एस.एल. पोरवाल ने यूनीवार्ता को बताया कि बारिश और मौसमी नमी के चलते संक्रामक रोगों के फैलने का अंदेशा बढ़ जाता है। इसी क्रम में एहतियातन सभी स्वास्थ्य चिकित्सा केंद्रों को अलर्ट कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली में चिकनगुनिया संक्रमण के फैलने के समाचार प्राप्त होने के बाद दिल्ली से इंदौर पहुंचे लोगों को हिदायत दी गई है कि वे बुखार, बदन दर्द, कमजोरी लगने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर जांच करवाएं। पोरवाल ने बताया कि चिकनगुनिया संक्रमण डेंगू की तरह मच्छर के काटने से ही होता है। समय पर उपचार करवा कर इससे आसानी से बचा जा सकता है। उनके अनुसार इस माह 33 से अधिक मामलों में डेंगू की पुष्टि हुई है। लगभग सभी मरीज उपचार के बाद स्वास्थ्य हो गए हैं। कुछ संदिग्ध मरीजों का उपचार जारी है, जबकि चिकनगुनिया का अब तक एक भी मामला सामने नहीं आया है।