Edited By PTI News Agency,Updated: 30 Jun, 2022 09:32 PM
महाराष्ट्र: एकनाथ शिंदे ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, फडणवीस ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ
मुंबई, 30 जून (भाषा) शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जबकि भाजपा के देवेंद्र फडणवीस ने...
महाराष्ट्र: एकनाथ शिंदे ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, फडणवीस ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ
मुंबई, 30 जून (भाषा) शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जबकि भाजपा के देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार के पतन के ठीक 24 घंटे बाद यह आश्चर्यजनक और व्यस्त राजनीतिक गतिविधियों का दिन रहा।
फडणवीस ने शाम को एक आश्चर्यजनक कदम में घोषणा की कि शिंदे, जिन्होंने शिवसेना में बगावत का नेतृत्व किया, राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे तथा वह खुद नई सरकार से बाहर रहेंगे। हालांकि उन्होंने अपनी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के कहने पर अपना रुख बदल लिया और उपमुख्यमंत्री बनने को तैयार हो गए।
राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शाम साढ़े सात बजे के बाद दक्षिण मुंबई स्थित राजभवन में शिंदे और फडणवीस को पद की शपथ दिलाई।
चार बार विधायक रहे शिंदे ने ठाणे जिले में दिवंगत शिवसेना नेताओं-बाल ठाकरे और अपने राजनीतिक गुरु आनंद दिघे को श्रद्धांजलि देकर शपथग्रहण की शुरुआत की।
शिंदे के समर्थकों ने शपथग्रहण समाप्त होने के बाद छत्रपति शिवाजी महाराज, शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे और दिघे की जयकार करते हुए नारेबाजी की।
इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि फडणवीस शिंदे के नेतृत्व में महाराष्ट्र की नई मंत्रिपरिषद का हिस्सा होंगे। इससे कुछ मिनट पहले फडणवीस ने राज्य सरकार में शामिल नहीं होने की घोषणा की थी।
शिंदे ने समारोह के बाद कहा, "राज्य का विकास मेरी प्राथमिकता है। मैं समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलूंगा।"
समारोह में नए मुख्यमंत्री के साथ उनके परिवार के सदस्य भी थे। हालांकि, उनके बेटे एवं ठाणे जिले के कल्याण से लोकसभा सदस्य श्रीकांत शिंदे गोवा में शिवसेना के बागी विधायकों के साथ ठहरे हुए हैं।
मुख्यमंत्री के एक समर्थक ने कहा, "शिंदे ने हमेशा अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं का ध्यान रखा। पहली बार ठाणे जिले का कोई विधायक मुख्यमंत्री बना है। हम इस फैसले से खुश हैं।"
मूल रूप से पश्चिमी महाराष्ट्र के सातारा जिले के एक गांव के रहने वाले शिवसेना नेता ठाणे शहर के कोपरी-पछपाखडी से विधायक हैं।
शिंदे के कुछ समर्थकों ने ठाणे में एक मोटरसाइकिल रैली निकाली और अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी की। शिंदे एक जन-नेता के रूप में जाने जाते हैं, जो अकसर अपने मतदाताओं के साथ घुलमिल जाते हैं और उनकी शिकायतों को सुनते हैं। इसके अलावा वह स्थानीय शिवसेना कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ नियमित बैठकें करते रहे हैं।
यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।