24 घंटे में सऊदी अरब पर दूसरा हमला,अब दम्माम एयरपोर्ट पर अटैक में एक भारतीय की मौत व 2 घायल

Edited By Updated: 22 Oct, 2026 04:07 PM

1 indian killed 2 injured in dammam airport attack in saudi arabia

सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे पर बुधवार रात हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दो भारतीय घायल हुए। इससे एक दिन पहले शायबा तेल क्षेत्र पर ड्रोन हमले में भी एक भारतीय घायल हुआ था। भारतीय दूतावास प्रभावित परिवारों के संपर्क में है और...

Dubai: सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे पर बुधवार रात हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य भारतीय घायल हो गए। भारतीय अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी। यह घटना शायबा तेल क्षेत्र पर ड्रोन हमले के एक दिन बाद हुई है, जिसमें एक अन्य भारतीय नागरिक घायल हुआ था। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर बताया कि सऊदी अधिकारियों ने दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में हताहतों की जानकारी दी है। दूतावास के अनुसार, इस हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था, जबकि दो भारतीय घायल हुए हैं।

 

दूतावास ने कहा कि वह घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटा रहा है और प्रभावित परिवारों के संपर्क में है। उसने मृतक के परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की  दम्माम हवाई अड्डे पर हमला ऐसे समय हुआ है, जब सऊदी अरब के ऊर्जा प्रतिष्ठानों, हवाई अड्डों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाकर हमलों की खबरें सामने आ रही हैं। बुधवार को सऊदी अरामको के शायबा तेल क्षेत्र को निशाना बनाकर ड्रोन हमले की कोशिश की गई थी। सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, वायु रक्षा प्रणालियों ने ड्रोन को बीच में ही रोक दिया, लेकिन उसके मलबे के गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हुए।

 

मृतकों में फिलीपीन और नेपाल के एक-एक नागरिक शामिल थे। घायलों में भारत और पाकिस्तान का एक-एक नागरिक था। इस घटना में घायल भारतीय को सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारतीय दूतावास ने सऊदी अधिकारियों से संपर्क किया था।  सऊदी अधिकारियों के अनुसार, ड्रोन को रोकने के दौरान तेल क्षेत्र में काम करने वाले एक ठेकेदार के वाहन में आग लग गई। यह वाहन तेल क्षेत्र की परिधि के बाहर था। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना का तेल क्षेत्र के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। सऊदी अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान नहीं की है। हालांकि, यह घटना यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब के महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमले तेज किए जाने के बीच हुई है।

 

रियाद  हमले में भी गई थी भारतीय की जान
इस महीने की शुरुआत में सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी घातक हमला हुआ था। उस घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी और कई अन्य लोग घायल हुए थे।  लगातार सामने आ रही घटनाओं ने सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। भारत ने सऊदी अरब में हुए हमलों, विशेष रूप से नागरिक प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है। भारत ने क्षेत्र में जारी शत्रुता तत्काल समाप्त करने की अपील भी की है।

 

भारतीय दूतावास की नागरिकों को सलाह
भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा परामर्श जारी किया है। इसमें लोगों को सतर्क रहने, स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और हवाई हमले के दौरान घरों के अंदर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है। दूतावास ने नागरिकों को ड्रोन या मिसाइलों को हवा में रोके जाने की घटनाओं अथवा प्रभावित स्थलों की तस्वीरें और वीडियो बनाने या साझा करने से भी आगाह किया है। चेतावनी दी गई है कि ऐसा करने पर सऊदी कानून के तहत कानूनी कार्रवाई हो सकती है। बता दें कि भारतीय दूतावास के अनुसार, सऊदी अरब में लगभग 27.4 लाख भारतीय रहते हैं और विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हैं। ऐसे में लगातार हो रही हमले की घटनाओं के बीच भारतीय समुदाय की सुरक्षा एक महत्वपूर्ण चिंता बनी हुई है।
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!