Edited By vasudha,Updated: 13 Sep, 2019 03:07 PM
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के खटलापुरा घाट पर शुक्रवार को गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। घाट पर नाव पलटने से 11 लोगों की मौत हो गई व कई लोग लापता है। हादसे के दौरान नाव में 20 से ज्यादा लोग सवार थे...
नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के खटलापुरा घाट पर शुक्रवार को गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आज तड़के लगातार बारिश के बीच गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान आपस में जुड़ी हुईं दो नाव पलटने से उसमें सवार डेढ दर्जन से भी ज्यादा लोगों के डूबने के बाद अब तक 11 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया जा रहा कि नाव में करीब 19 लोग सवार थे। उनमें से छह लोगों को राहत दल ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राज्य आपदा प्रबंधन दस्ता (एसडीआरएफ) अब दो और लोगों की तलाश में जुटा हुआ है। मौके पर मौजूद विधि मंत्री पी सी शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि नाव में एक पूरी उत्सव समिति के सदस्य सवार थे। वे जैसे ही बड़ी मूर्ति का विसर्जन करने लगे, नाव अचानक पलट गई।
मरने वाले सभी 11 लोग नवयुवक थे। छह लोग बचा लिए गए हैं। स्थानीय खटलापुरा पर हुए हादसे में जिला प्रशासन ने सभी मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है। सभी शव स्थानीय हमीदिया अस्पताल ले जाए गए हैं। नाव से सुरक्षित बचाए गए लोगों को भी उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
मौके पर मौजूद एसडीआरएफ सूत्रों ने गोताखोरों के हवाले से बताया कि करीब 20 फीट की गहराई पर दो नावें आपस में बंधी हुई उल्टी हालत में बरामद हुईं हैं। उन्हें क्रेन की मदद से निकाला जा रहा है। उन नावों में शेष लोगों के फंसे होने की आशंका हो सकती है। उन्होंने बताया कि झील में गहराई पर गणेश प्रतिमाएं, कीचड़ और बांस समेत अन्य अवशेषों के चलते गोताखोरों को शेष दो लोगों की तलाश में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।