Edited By Parveen Kumar,Updated: 15 Jun, 2026 07:55 PM

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर झांसी में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के...
नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर झांसी में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। यह 12 वर्ष केवल सरकार के कार्यकाल नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास, संकल्प और विकास की नई गाथा के वर्ष हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली थी तब भारत विश्व की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जबकि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। यह परिवर्तन देशवासियों के विश्वास और प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।
चुघ ने कहा कि वर्ष 2014 में देश में केवल 74 एयरपोर्ट थे, जो आज बढ़कर 164 से अधिक हो चुके हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 91 हजार किलोमीटर से बढ़कर 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो गई है। जहां वर्ष 2014 में प्रतिदिन 11.6 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण होता था, वहीं आज प्रतिदिन 34 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण हो रहा है। देश का मेट्रो नेटवर्क 248 किलोमीटर से बढ़कर 1,095 किलोमीटर से अधिक हो गया है और 20 से अधिक शहर मेट्रो सेवाओं से जुड़ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि रेलवे क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। आज 99 प्रतिशत से अधिक ब्रॉडगेज रेलवे नेटवर्क का विद्युतीकरण हो चुका है। देश में 160 से अधिक वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है तथा 1337 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिकीकरण किया जा रहा है। झांसी एवं ललितपुर रेलवे स्टेशन भी इस योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब कल्याण को शासन का केंद्र बनाया है। पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। आज 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। देश में 58 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए हैं और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से लाखों करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे गए हैं, जिससे भ्रष्टाचार और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। जल जीवन मिशन के माध्यम से 16 करोड़ से अधिक घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है तथा 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर देश को खुले में शौच की समस्या से मुक्ति दिलाने का कार्य किया गया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए चुघ ने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से लगभग 11 करोड़ गैस कनेक्शन दिए गए हैं। 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के जनधन खाते खोले गए हैं। 3 करोड़ से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं तथा 4.5 करोड़ से अधिक सुकन्या समृद्धि खाते खोले गए हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व का नया अधिकार मिला है।
किसानों के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 11 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से करोड़ों किसानों को आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं से कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिली है। बुंदेलखंड क्षेत्र में केन-बेतवा लिंक परियोजना किसानों के लिए वरदान सिद्ध होने जा रही है।
चुघ ने कहा कि डिजिटल इंडिया आज विश्व के लिए एक मॉडल बन चुका है। UPI आज दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म है। वर्ष 2014 में डिजिटल भुगतान लगभग नगण्य था, जबकि आज भारत विश्व का नंबर-1 डिजिटल भुगतान तंत्र बन गया है। 2.14 लाख से अधिक ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ा गया है तथा करोड़ों लोग डिजिटल रूप से सशक्त हुए हैं।
आत्मनिर्भर भारत अभियान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत मोबाइल फोन आयात करता था, जबकि आज भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बन चुका है। इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन 1.9 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 11.3 लाख करोड़ रुपये हो गया है। मोबाइल निर्यात में 163 गुना वृद्धि हुई है। देश में 2.06 लाख से अधिक स्टार्टअप और 120 से अधिक यूनिकॉर्न कार्यरत हैं। पीएलआई योजना के माध्यम से लाखों रोजगार सृजित हुए हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय में उन्होंने कहा कि आज का भारत आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई करने वाला भारत है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और आतंकवाद के खिलाफ कठोर नीति ने यह सिद्ध कर दिया है कि नया भारत अपनी सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करता।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान दी है। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक, पंचतीर्थ और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसे कार्य भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण के प्रतीक हैं।
झांसी-ललितपुर क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए चुघ ने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर, बीडा (BIDA), बल्क ड्रग पार्क, मेडिकल कॉलेजों का विस्तार, रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण, स्मार्ट सिटी परियोजनाएं तथा अनेक विकास कार्य इस क्षेत्र को नई पहचान देने का कार्य कर रहे हैं।
अंत में तरुण चुघ ने कहा कि वर्ष 2014 का भारत संभावनाओं का भारत था, जबकि वर्ष 2026 का भारत उपलब्धियों, आत्मविश्वास और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ता हुआ भारत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त करेगा।
इस अवसर पर झांसी-ललितपुर के लोकप्रिय सांसद अनुराग शर्मा, सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधानसभा के विधायक राजीव सिंह पारिछा, विधान परिषद सदस्य रामतीर्थ सिंघल, महापौर बिहारीलाल आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह सहित अन्य माननीय जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी, पार्टी पदाधिकारी, देवतुल्य कार्यकर्ता एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।