1971 युद्ध नायक वाइस एडमिरल एमपी अवती का निधन, दुश्मनों को सिखाया था कड़ा सबक
Edited By Seema Sharma,Updated: 05 Nov, 2018 11:30 AM
साल 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में पूर्वी बेड़े (ईस्टर्न फ्लीट) की एक नौसैनिक इकाई की कमान संभालने वाले वाइस एडमिरल (अवकाशप्राप्त) एम पी अवती का महाराष्ट्र के सतारा के पास स्थित उनके गृह नगर में रविवार को निधन हो गया।
नई दिल्ली: साल 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में पूर्वी बेड़े (ईस्टर्न फ्लीट) की एक नौसैनिक इकाई की कमान संभालने वाले वाइस एडमिरल (अवकाशप्राप्त) एम पी अवती का महाराष्ट्र के सतारा के पास स्थित उनके गृह नगर में रविवार को निधन हो गया। भारतीय नौसेना ने यह जानकारी दी। वाइस एडमिरल (अवकाशप्राप्त) अवती की कार्रवाइयों के कारण दुश्मन की एक पनडुब्बी नष्ट हो गई थी। वीर चक्र से सम्मानित अवती की उम्र 91 साल थी।
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने ट्वीट कर अवती के निधन पर दुख व्यक्त किया और उन्हें नौसैनिक इतिहास का एक विशिष्ट व्यक्तित्व करार दिया। नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा ने कहा कि अवती का निधन एक युग का अंत है।