Edited By ,Updated: 21 Dec, 2016 11:03 PM
श्रीलंका के नौसैनिकों द्वारा अलग-अलग घटनाओं में कथित रुप से 29 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किए जाने तथा पांच नौकाओं को जब्त किए जाने ...
रामेश्वरम: श्रीलंका के नौसैनिकों द्वारा अलग-अलग घटनाओं में कथित रुप से 29 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किए जाने तथा पांच नौकाओं को जब्त किए जाने की घटना के बाद आज यहां तनाव व्याप्त हो गया।
श्रीलंकाई नौसेना ने आज रात अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर दावा किया कि उनके तट रक्षक के जवानों ने थलाइमन्नार के दक्षिण में श्रीलंका के जलक्षेत्र में मछलियां पकडऩे के आरोप में 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार करने के साथ दो नौकाओं को जप्त किया है। सभी मछुआरे तमिलनाडु के रामेश्वरम में पामबम तटीय इलाके के रहने वाले हैं।
एक अन्य घटना में नार्थ वेस्ट और साउथ वेस्ट डेल्ट द्वीप में श्रीलंकाई तट रक्षक बलों ने 17 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और उनकी तीन नौकाओं को भी अपने कब्जे में लिया है। इन मछुआरों को अग्रिम कार्रवाई के लिए जाफना में संबंधित विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। गिरफ्तार 17 मछुआरों में से 13 मछुआरे रामेश्वरम और अन्य चार मछुआरे पुडुकोट्टई जिले के रहने वाले हैं।
मछुआरों की गिरफ्तारी की घटना की जानकारी मिलने के बाद रामेश्वरम और पुडुकोट्टई जिलों में तनाव का माहौल व्याप्त है।