Edited By Punjab Kesari,Updated: 26 Dec, 2017 02:50 PM
जम्मू-कश्मीर के रावलाकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर सीमा पार गोलीबारी के दौरान तीन पाकिस्तान सैनिक मारे गए। सेना सूत्रों ने आज बताया कि यह गोलीबारी कल शाम करीब छह बजे हुई। खुफिया सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आ रही है कि भारतीय सैनिकों ने एलओसी...
जम्मू: जम्मू-कश्मीर के रावलाकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर सीमा पार गोलीबारी के दौरान तीन पाकिस्तान सैनिक मारे गए। सेना सूत्रों ने आज बताया कि यह गोलीबारी कल शाम करीब छह बजे हुई। खुफिया सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आ रही है कि भारतीय सैनिकों ने एलओसी के पार जाकर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के रावलकोट में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। PoK के रावलकोट में इस कार्रवाई को अंजाम देने के बाद भारतीय सैनिक सुरक्षित लौट आए। सोमवार को जिस वक्त भारतीय सेना ने यह कार्रवाई की, उस वक्त पाकिस्तान में भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव का परिवार उनसे मुलाकात करके लौट रहा था।
इस गोलीबारी को भारतीय सेना के चार जवानों के शहीद होने के बाद बदले की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। सेना सूत्रों ने यहां बताया कि गोलीबारी में एक पाकिस्तानी सैनिक घायल भी हुआ। राजौरी जिले के केरी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में भारतीय सेना का एक मेजर और तीन जवान शहीद हो गए थे और एक अन्य घायल हो गया था। इस घटना के दो दिन बाद भारतीय सेना ने इसका जवाब दिया। फायरिंग में मेजर मोहारकर प्रफुल्ल अंबादास, लांस नाइक गुरमेल सिंह और सिपाही परगट सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मेजर अंबादास (32) महाराष्ट्र के भंडारा जिले से थे। वहीं लांस नाइक गुरमेल सिंह (34) अमृतसर से थे। सिपाही परगट सिंह (30) हरियाणा के करनाल जिले से थे।