मुंबई में 4 मंजिला इमारत ढही, 12 लोगों की मौत
Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Jul, 2017 01:43 PM
मुंबई के घाटकोपर उपनगर में आज सुबह 4 मंजिला एक आवासीय इमारत ढह गई और इसके मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
मुंबई: मुंबई के घाटकोपर उपनगर में आज सुबह 4 मंजिला एक आवासीय इमारत ढह गई जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई। शहर के नगर निकाय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के दमकल विभाग के प्रमुख पीएस रहांगदले ने बताया कि घाटकोपर के दामोदर पार्क इलाके में ढही 11 लोगों को बचा लिया गया, जबकि कई लोगों के इमारत के मलबे के नीचे अभी भी फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि नगर निकाय के नियंत्रण कक्ष को इस दुर्घटना के बारे में सुबह करीब 10.43 बजे फोन के जरिए जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि लगभग 8 दमकल गाडिय़ां, एक बचाव वाहन और एक एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि हमारी बचाव टीम, दमकल कर्मी और बीएमसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थन पर पहुंच गए हैं और बचाव कार्य युद्ध-स्तर पर जारी है। इस मामले में अभी विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है।