मध्यप्रदेशः हिंसक प्रदर्शन में 5 की मौत, दर्जनों घायल

Edited By Punjab Kesari,Updated: 02 Apr, 2018 07:24 PM

5 killed in madhya pradesh

अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद दलितों के संगठनों के भारत बंद के आह्वान पर आज मध्यप्रदेश के ग्वालियर चंबल अंचल में उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया...

नेशनल डेस्क: अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद दलितों के संगठनों के भारत बंद के आह्वान पर आज मध्यप्रदेश के ग्वालियर चंबल अंचल में उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। उग्र हुए इस आंदोलन को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आपात बैठक बुलाकर आला अधिकारियों को स्तिथि को नियंत्रित करने के आदेश दिए हैं। वहीं भोपाल में आयोजित पुलिस दीक्षांत समारोह में शामिल होने आये नवनियुक्त 550 एसआई को ग्वालियर भेजा गया है।
PunjabKesari
तीस से अधिक लोग घायल 
इस हिंसा में पांच लोगों की मौत हो गयी और पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों समेत तीस से अधिक लोग घायल हुए। बंद का समर्थन करने वाले लोगों ने दुकानों, वाहनों में तोडफोड कर कई जगह आग लगा दी। कई जगहों पर फायरिंग भी की गई। राह चलते वाहनों में सवारों के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस अधिकारी कर्मचारी कानून व्यवस्था संभालने आए तो उन पर भी हमला किया गया। इसके अलावा सागर, उज्जैन और कुछ अन्य स्थानों पर निषेधाज्ञा लगायी गयी है। पूरे राज्य में पुलिस और अधिक ऐहतियात बरत रही है। पुलिस ने हिंसा पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और सख्ती के साथ उपद्रवियों को खदेड़ा। शाम तक मिली जानकारी के अनुसार ग्वालियर और भिंड जिले में दो दो तथा मुरैना जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। 
PunjabKesari
पुलिस प्रशासन ने दिखाई सख्ती
पुलिस का दावा है कि उपद्रवियों की ओर से चलायी गई गोलियों से ही इन पांचों की मौत हुयी है। इसके अलावा ग्वालियर में 18 से अधिक, भिंड में पांच से अधिक और मुरैना में सात से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में पुलिस अधिकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। हिंसा का सबसे ज्यादा असर भिंड, मुरैना और ग्वालियर जिलों में रहा। इसके अलावा श्योपुर, अशोकनगर, सागर, इंदौर, देवास और कुछ अन्य स्थानों से भी संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन की सूचनाएं मिली हैं। इन स्थानों पर भी उपद्रवियों ने उत्पात मचाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस प्रशासन ने हालातों पर कुछ ही देर में सख्ती दिखाते हुए काबू पा लिया। 
PunjabKesari
हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं बंद 
हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच इन स्थानों पर अनेक पुलिस कर्मचारियों को भी चोट पहुंची हैं। भिंड, मुरैना और ग्वालियर के अलावा अन्य जिलों से मिली सूचनाओं के अनुसार शाम तक सभी जगह स्थिति नियंत्रण में आ गयी। हिंसाग्रस्त इलाकों के साथ ही संवेदनशील माने जाने वालीं जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ट पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। इस बीच प्रदेश पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हिंसा की घटनाओं में पांच लोगों की मौत की सूचना है। पुलिस प्रशासन का पहला कार्य कानून व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मैदान में मोर्चा संभाले हुए हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गयी है। हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में ब्रॉडबैंड सेवाएं निलंबित की गयी हैं। लोगों से शांति बनाए रखने और बहकावे में नहीं आने की अपील भी की जा रही है।

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!