Edited By Pardeep,Updated: 21 May, 2022 10:04 PM
असम में बाढ़ की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 14 हो गई है जबकि हाल के दिनों में राज्य में आई सबसे भीषण बाढ़ में से 7 लाख से अधिक लोग...
गुवाहाटीः असम में बाढ़ की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 14 हो गई है जबकि हाल के दिनों में राज्य में आई सबसे भीषण बाढ़ में से 7 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
मध्य असम का नागांव सबसे ज्यादा प्रभावित
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की ओर से शनिवार को उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, दो बच्चों समेत चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। इसके कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। बाढ़ के कारण 14 मई से लगातार हुए भूस्खलन की चपेट में आने से पांच अन्य लोगों की मौत हो गई है। राज्य के 29 बाढ़ प्रभावित जिलों में लगभग 7.12 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जिसमें मध्य असम का नागांव सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है।
एएसडीएमए ने एक बयान में कहा कि अब तक 74,705 लोगों को 234 राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पूरे असम में कम से कम 20 बांध टूट गए हैं और कई पुल या तो बह गए हैं या क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
कई सड़कें धंस गई हैं या वाहनों के लिए अनुपयोगी हो गई हैं जबकि 2,251 बाढ़ वाले गांवों में 43,090 घर पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। असम के 33 में से 29 जिले मानसून पूर्व बारिश से प्रभावित हैं। असम राइफल्स, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) राज्य के सबसे अधिक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और पुनर्वास कार्य कर रहा है।