Edited By Parveen Kumar,Updated: 16 Oct, 2026 05:39 PM

सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। वह कनॉट प्लेस जाने की कोशिश कर रहे थे। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने 'लहरा दो तिरंगा' मार्च का ऐलान किया है।
नेशनल डेस्क : राजधानी दिल्ली में तिरंगा मार्च को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लेहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने CJP प्रमुख अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने यह कदम इलाके में लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों और मार्च की अनुमति नहीं मिलने का हवाला देते हुए उठाया। हिरासत में लिए जाने के दौरान दिपके ने सवाल किया, “मैंने किया क्या है?”
जानकारी के मुताबिक, अभिजीत दिपके एनसीपी-एससीपी के प्रवक्ता अनीश गावंडे के आवास से निकलकर मार्च में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोक लिया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि कनॉट प्लेस में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू हैं और एहतियातन उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है।
कनॉट प्लेस में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
CJP ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लेहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की थी। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार, इस कार्यक्रम के लिए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) से अनुमति नहीं मिली थी। प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों समेत अन्य सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा बल इलाके में फ्लैग मार्च भी कर रहे हैं।
हिरासत के दौरान अभिजीत ने उठाए सवाल
पुलिस द्वारा रोके जाने पर अभिजीत दिपके ने कहा कि वह अकेले जा रहे हैं। उन्होंने बार-बार पूछा कि उन्हें प्रदर्शन के लिए कहां जाना चाहिए और उन्होंने ऐसा क्या किया है, जिसके चलते उन्हें रोका जा रहा है।
दिल्ली पुलिस ने दी यह प्रतिक्रिया
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त एवं जनसंपर्क अधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि इस मामले में उनसे मिलने कोई व्यक्ति नहीं आया और न ही किसी विशेष सूची को लेकर कोई सूचना या अनुरोध मिला। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराने से संबंधित नियमों का पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि फ्लैग कोड में इसके लिए स्पष्ट प्रावधान हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों की निजी जानकारी साझा किए जाने पर भी चिंता जताई। उनके मुताबिक, कुछ सोशल मीडिया अकाउंट पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान की तस्वीरें और वीडियो उनकी निजी जानकारी के साथ पोस्ट कर रहे हैं। पुलिस ने इसे अनुचित और गैरकानूनी बताया है।
पहले भी हिरासत में लिए जा चुके हैं दिपके
दिल्ली पुलिस इससे पहले भी अभिजीत दिपके को हवाई अड्डे पर हिरासत में ले चुकी है। उस मामले में उन्हें अदालत में पेश किया गया था और 50 हजार रुपये के पीस बॉन्ड पर रिहा किए जाने की जानकारी सामने आई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें एक साल तक शांति भंग नहीं करने संबंधी बॉन्ड पर हस्ताक्षर करने को कहा गया था। इसके बावजूद CJP ने तिरंगा मार्च के अभियान को जारी रखने की घोषणा की। पार्टी ने समर्थकों से छोटे समूहों में कनॉट प्लेस पहुंचने, राष्ट्रीय ध्वज के साथ तस्वीर लेने और उसके बाद वहां से लौटने की अपील की। संगठन ने #LeharaDoTiranga हैशटैग के साथ अपना पक्ष रखते हुए कहा कि तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है।
दिपके को जारी किए गए दो नोटिस
दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके को दो नोटिस दिए हैं। पहले नोटिस में उन्हें प्रतिबंधात्मक आदेशों का हवाला देते हुए सेंट्रल पार्क नहीं जाने का निर्देश दिया गया है। दूसरे नोटिस का संबंध हवाई अड्डे पर हुई पिछली घटना से बताया गया है, जिसमें अभिजीत दिपके के साथ आशुतोष और सौरव को भी एहतियातन हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछली सुनवाई के दौरान अदालत ने सार्वजनिक शांति भंग नहीं करने संबंधी निर्देश दिए थे। इस बीच, कनॉट प्लेस में प्रस्तावित प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई को लेकर घटनाक्रम पर नजर बनी हुई है।