Edited By ,Updated: 22 Jan, 2015 04:30 PM
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता शाजिया इल्मी ने आज आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) में आतंरिक लोकतंत्र का अभाव है और केवल कुछ लोगों की ही तानाशाही चलती है।
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता शाजिया इल्मी ने आज आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) में आतंरिक लोकतंत्र का अभाव है और केवल कुछ लोगों की ही तानाशाही चलती है। हाल ही में भाजपा में शामिल हुई आप की पूर्व नेता ने कहा आप में जो अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की हां में हां मिलाएगा वही रखा जाएगा। कई नेताओं को दरकिनार कर दिया गया है। आप इसे तानाशाही कह सकते हैं।
उन्होंने कहा आप कार्पोरेट की पार्टी बनकर रह गई है। हम राजनीति को बदलना चाहते थे लेकिन अच्छे उम्मीदवारों की जगह गुंडों को लाना दुर्भाग्यपूर्ण है। आप उसी तरह की राजनीति कर रही है जिसकी वह आलोचना किया करती थी। ऐसा लगता है कि कोई गुप्त संस्था पार्टी को चला रही है जिस पर कोई सवाल नहीं उठा सकता और अगर कोई ऐसा करता है तो उसे गद्दार करार दे दिया जाता है। आप के संस्थापक सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री शांति भूषण के किरण बेदी की तारीफ किए जाने के सवाल पर इल्मी ने कहा वह आप के भीष्म पितामह की तरह हैं। हमें उनका सम्मान करना चाहिए।