वैश्विक नायक के तौर पर उभरे भारत: मोदी

Edited By ,Updated: 07 Feb, 2015 08:19 PM

article

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि मौजूदा वैश्विक वातावरण एक दुर्लभ अवसर के रूप में है, जिसमें पूरी दुनिया भारत को गले लगाने को उत्सुक है और भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि मौजूदा वैश्विक वातावरण एक दुर्लभ अवसर के रूप में है, जिसमें पूरी दुनिया भारत को गले लगाने को उत्सुक है और भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। दुनिया भर में स्थित भारतीय मिशनों के 100 से अधिक प्रमुखों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि वे इस अनोखे अवसर का इस्तेमाल करें और वैश्विक तौर पर एक संतुलनकारी शक्ति के बजाय भारत को अग्रणी भूमिका निभाने वाली स्थिति तक पहुंचाएं। 
 
प्रधानमंत्री ने मिशन प्रमुखों से आग्रह किया कि वे पुराने विचारों को छोड़कर बदलती वैश्विक स्थितियों को अपनाएं। भारत को विश्व में स्थापित करने में मिशनों की भूमिका के बारे में मोदी ने कहा कि वे भारत के गौरवशाली विरासत के जीवंत व चमकदार प्रतिनिधि हैं। प्रधानमंत्री ने भारत के विकास की प्राथमिकता तथा विदेशों में भारत के हितों को ध्यान में रखते हुए उनसे स्पष्ट मन से व निरंतर तौर पर काम करने का आग्रह किया 21वीं सदी की चुनौतियों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक शांति व समृद्धि के लिए नए नायक व नए खतरे उत्पन्न हुए हैं।
 
उन्होंने कहा कि भारत सदा दुनिया में शांति तथा भाईचारे के पक्ष में खड़ा रहा है। विश्व शांति के रास्ते में आने वाली चुनौतियों से मुकाबले में मदद भारत की बड़ी जिम्मेदारी है। जलवायु परिवर्तन से संबंधित चुनौतियों पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भारत की सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है।संयुक्त राष्ट्र द्वारा अल्प अवधि में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को अपनाने का श्रेय उन्होंने भारतीय राजनयिक समुदाय को दिया। उन्होंने कहा कि स्ट्रेस मैनेजमेंट सहित दुनिया भर के लोगों के रोजमर्रा की समस्याओं का संभावित समाधान योग होना चाहिए।
 
उन्होंने कहा कि नीति आयोग ने भारतीय प्रवासियों को देश की महत्वपूर्ण ताकत के रूप में मान्यता दी है और मिशन प्रमुखों को इस ताकत के इस्तेमाल के लिए नवीन तरीके निकालने के लिए कहा। उन्होंने मिशन का आह्वान किया कि वे स्वच्छता की संस्कृति के विकास की दिशा में योगदान करें व डिजिटल कूटनीति की ओर अग्रसर रहें।
 
इस मौके पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, विदेश राज्य मंत्री वी.के.सिंह तथा विदेश सचिव एस.जयशंकर मौजूद थे। इससे पहले, प्रधानमंत्री तथा मंत्रियों ने उन अधिकारियों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने विदेशों में देश की सेवा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने जवाहरलाल नेहरू भवन में विदेश मंत्रालय की स्मारक पट्टिका का भी लोकार्पण किया।

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!