Edited By ,Updated: 29 Mar, 2017 10:42 PM
टीवीएफ - स्टार्ट अप कंपनी द वायरल फीवर के सीईओ और फाउंडर अरुणाभ कुमार पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है।
मुंबई: टीवीएफ - स्टार्ट अप कंपनी द वायरल फीवर के सीईओ और फाउंडर अरुणाभ कुमार पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। यह मामला एक अधिवक्ता रिजवान सिद्दीकी की लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। सिद्दीकी का कहना है कि यह मामला ख़ुद पुलिस भी दर्ज कर सकती थी। मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया और यह बहाना बनाया कि उत्पीडऩ की शिकार कोई पीड़ित सामने नहीं आ रही है।
क्या है मामला
यह विवाद तब शुरू हुआ जब अरुणाभ कुमार की कंपनी में काम करने का दावा करने वाली एक महिला कर्मचारी ने 'ब्लॉग पोस्ट' के जरिए उन पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। इस ब्लॉग के छपने के बाद कई महिलाएं सोशल मीडिया पर सामने आने लगीं जिन्होंने अरुणाभ पर यौन शोषण के आरोप लगाए।
अरुणाभ कुमार की प्रतिक्रिया
आरोपों पर मुंबई के एक अंग्रेजी अखबार से बात करते हुए अरुणाभ कुमार ने जो बयान दिया उसकी भी काफी आलोचना हुई।अरुणाभ कुमार ने कथित तौर पर कहा था कि उनकी आदत है वो खूबसूरत लड़कियों की तारीफ करते हैं।वो लड़कियों को 'सेक्सी' कहने से नहीं चूकते थे। मगर उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी किसी महिला के साथ जबरदस्ती नहीं की है।