Edited By ,Updated: 22 Jan, 2017 05:51 PM
अरुणाचल प्रदेश में असम राइफल्स के 2 जवान आतंकी संगठन एनएससीएन (के) के उग्रवादियों से लड़ते हुए शहीद हो गए हैं।
गुवाहाटी : असम-अरुणाचल प्रदेश की सीमा के पास उग्रवादियों ने आज असम राइफल्स के मार्गरक्षण पर्यटक वाहन पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें 2 सैनिकों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि असम के तिनसुकिया जिले की सीमा से लगे राष्ट्रीय राजमार्ग-53 में जगुन 12वीं मील बाराबस्ती में गणतंत्र दिवस से पूर्व उग्रवादियों ने वाहन को निशाना बनाकर कई हथगोले फेंके। प्रवक्ता ने बताया कि हथगोलों के विस्फोट से असम राइफल्स का एक वाहन और पंगसाउ फेस्टिवल से लौटने वाले पर्यटकों के 3 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. पयर्टक राजमार्ग पर फंसे हुए हैं। उल्लेखनीय है कि पंगसाउ फेस्टिवल भारत-म्यांमार सीमा के इलाके में आयोजित होता है।
इससे पहले भी 19 नवंबर, 2016 को एनएससीएन-के और यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) के संयुक्त दल ने असम के तिनसुखिया जिले में सेना के जवानों पर घात लगाकर हमला किया था। जिसमें 3 जवान शहीद हो गए थे जबकि चार अन्य घायल हुए थे।इस हमले के बाद 26 नवंबर को यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ वेस्टर्न साउथ ईस्ट एशिया (यूएनएलएफडब्लू) ने मणिपुर के चंदेल जिले में 21 पैरा कमांडो की एक टुकड़ी पर घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में भी 5 जवान घायल हो गए थे। यूएनएलएफडब्लू पूर्वोत्तर के सभी उग्रवादी संगठनों का एक साझा मंच है।