Edited By Anil dev,Updated: 03 Jun, 2019 06:29 PM
वायुसेना का एक एएन-32 विमान सोमवार को असम के जोरहाट से उड़ान भरने के बाद लापता हो गया है। उसमें चालक दल के सदस्यों समेत कुल 13 लोग सवार थे। सूत्रों ने बताया कि विमान ने जोरहाट से दोपहर बाद 12.25 बजे उड़ान भरी थी।
नई दिल्ली: वायुसेना का एक एएन-32 विमान सोमवार को असम के जोरहाट से उड़ान भरने के बाद लापता हो गया है। जिसे खोजने के लिए लड़ाकू विमान सुखोई और स्पेशल ऑप्स विमान C-130 रवाना हो गए हैं। उसमें चालक दल के सदस्यों समेत कुल 13 लोग सवार थे। वहीं अब मेन्चुका के लिए उड़ान भरने वाले भारतीय वायुसेना के विमान IAF AN-32 का मलबा मिलने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि एक हेलीकॉप्टर सर्च टीम ने भारतीय वायुसेना AN-32 के मलबे को देखा है। विमान ने जोरहाट से दोपहर बाद 12.25 बजे उड़ान भरी थी।
वह अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट सियांग जिले में स्थित मेचुका एडवांस लैंडिंग ग्राउंड जा रहा था। रास्ते में अपराह्न एक बजे के करीब संबद्ध एजेंसियों से विमान का संपर्क टूट गया। उसके बाद से विमान से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। विमान के गंतव्य तक नहीं पहुंचने पर वायुसेना ने जरूरी कारर्वाई शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, विमान में चालक दल के आठ सदस्य और पांच अन्य यात्री सवार थे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि उन्होंने इस बारे में वायुसेना के उपप्रमुख से बात की है और वे इन यात्रियों के सुरक्षित रहने की कामना करते हैं। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘कुछ समय से लापता वायु सेना के एएन-32 विमान के संबंध में भारतीय वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल राकेश सिंह भदौरिया से बातचीत की। उन्होंने मुझे वायुसेना के इस लापता विमान को लेकर उठाये गए कदमों की जानकारी दी। मैं इसमें सवार सभी यात्रियों की सुरक्षा के लिये प्रार्थना करता हूं।''