Edited By Anu Malhotra,Updated: 05 Nov, 2026 02:26 PM

बेंगलुरु के एक व्यवसायी को अपने 22 वर्षीय कर्मचारी को पीट-पीटकर मार डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। व्यवसायी ने कर्मचारी को अपने घर पर अपनी 19 वर्षीय बेटी के साथ पकड़ा था।
बेंगलुरु: बेंगलुरु के एक व्यवसायी को अपने 22 वर्षीय कर्मचारी को पीट-पीटकर मार डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। व्यवसायी ने कर्मचारी को अपने घर पर अपनी 19 वर्षीय बेटी के साथ पकड़ा था। केरल के पलक्कड़ जिले का रहने वाला किरण, आरोपी आनंदराज की एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में पिछले कुछ सालों से काम कर रहा था। शुरुआती जांच के अनुसार, आनंदराज को हाल ही में किरण और अपनी बेटी के बीच कथित संबंधों के बारे में पता चला था।
मंगलवार सुबह, आनंदराज और उनकी पत्नी घर से बाहर चले गए। उन्होंने अपनी बेटी से कहा कि वे पूरे दिन घर पर नहीं रहेंगे। उनकी बेटी, जो पास के एक शहर में पढ़ाई कर रही है, छुट्टियों के दौरान बेंगलुरु आई हुई थी। हालांकि, कुछ घंटों बाद ही वे वापस लौट आए और उन्होंने किरण को अपनी बेटी के साथ एक कमरे में पाया।
पुलिस के मुताबिक, किरण पर हमला करने से पहले आनंदराज ने अपनी बेटी को एक रिश्तेदार के घर भेज दिया था। हमले में किरण को कई चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे 'ब्रॉट डेड' (अस्पताल पहुंचने पर मृत) घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को शक है कि यह हत्या पहले से सोची-समझी साजिश हो सकती है। इस बात की जांच की जा रही है कि हमले के समय घर पर कोई और भी मौजूद था या नहीं। इस बीच, किरण के चचेरे भाई (मामी का बेटा) प्रसाद ने भी दावा किया है कि यह हत्या पहले से प्लान की गई थी। उसने दावा किया कि आनंदराज ने जानबूझकर किरण के भाई को हफ्ते की शुरुआत में ही किसी डिलीवरी के काम से उत्तर प्रदेश भेज दिया था, ताकि किरण घर पर अकेला रहे और बीच-बचाव करने वाला कोई न हो।