Edited By Anil dev,Updated: 29 Aug, 2019 10:48 AM
भोजपुरी फिल्मों में हीरो बनना चाहता था, लेकिन उसमें सफल नहीं हुआ। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने और जल्द अमीर बनने की चाहत में अपने साथी के साथ मिलकर जालसाजी का धंधा करने लगा।
नई दिल्ली: भोजपुरी फिल्मों में हीरो बनना चाहता था, लेकिन उसमें सफल नहीं हुआ। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने और जल्द अमीर बनने की चाहत में अपने साथी के साथ मिलकर जालसाजी का धंधा करने लगा। नकली करेंसी के नाम पर वह लोगों को अपने जाल में फंसाने लगा, लेकिन बदरपुर पुलिस ने उन्हें आखिरकर धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पहचान बटला हाउस निवासी शाहिद उर्फ राज सिंघानिया (24) व हेमराज उर्फ सलमान (44) के रूप में हुई है। शाहिद भोजपुरी फिल्म का हीरो बनना चाहता था। आरोपियों के पास से नकली करेंसी भी बरामद हुआ है। फिलहाल दोनों से पूछताछ कर पुलिस आगे की जांच कर रही है। डीसीपी साउथ ईस्ट चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि ओल्ड फ रीदाबाद में मनोज कुमार साहनी रहता है। वह टाइल्स लगाने का ठेकेदार है।
शाहिद को वह पहले से जानता था। मनोज को तीन लाख रुपए अपनी लेबर की सैलरी बांटने के लिए कहीं से मिली थी। यह बात शाहिद को पता चल गई। शाहिद ने मनोज को काम के बहाने बदरपुर इलाके में बुलाया। मनोज से कहा कि उसके पास छह लाख के नकली नोट हैं। वह उनसे नोट बदल ले जिससे मोटा मुनाफा उसे होगा। मनोज झांसे में आ गया। उसने तीन लाख रुपए उसे दे दिए और नोट का एक पैकेट लेकर वह घर आ गया। उस पैकेट को खोलकर चेक करने पर उसमें चूरन वाले नोट निकले। इसके बाद मामले की शिकायत बदरपुर थाना पुलिस को दी। आरोपियों को पकडऩे के लिए एसएचओ विजय पाल दाहिया के नेतृत्व में टीम बनाई गई। उसके बाद पुलिस ने शाहिद को जैतपुर मोड़ से धर दबोचा। उसके निशानदेही पर पुलिस ने मोलड़बंद एक्सटेंशन से ही दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
निजामुद्दीन में खोल रखा था एक्टिंग स्कूल
पूछताछ में शाहिद ने बताया कि वह भोजपुरी फिल्म का हीरो बनना चाहता था। लेकिन कोशिश के बाद वह नहीं बन सका। इसके बाद वह बिहार से दिल्ली आ गया। यहां निजामुद्दीन में उसने एक एक्टिंग स्कूल खोल लिया। चार लड़कियों को काम पर रखा। ऑफिस के खर्च निकालने उसके मुश्किल हो गए। इसके बाद उसने सलमान के साथ लोगों को ठगने का प्लान बनया। सलमान के पास पुलिस की वर्दी थी। लिहाजा, इन्होंने लोगों को नकली नोटों का झांसा देकर लूटने की ठान ली। सलमान पुलिस की भूमिका अदा करता था। अगर शाहिद को जरूरत पड़ती थी तो वह उसे कॉलकर बुला लिया करता था। जहां सलमान पुलिस का रौब झाड़ पीड़ित को डऱाने धमकाने का काम करता था।