Edited By Monika Jamwal,Updated: 06 Jun, 2019 01:02 PM
गत दिवस हीरानगर कोर्ट से फरार हुआ भुक्की तस्करी के आरोपी को पकडऩे में पुलिस को आखिर सफलता मिल ही गई।
कठुआ : गत दिवस हीरानगर कोर्ट से फरार हुआ भुक्की तस्करी के आरोपी को पकडऩे में पुलिस को आखिर सफलता मिल ही गई। पुलिस टीम आरोपी को दबोचने के लिए अपने अभियान को जारी रखे हुए थी। जिला पुलिस प्रमुख श्रीधर पाटिल के निर्देशों पर कई स्थानों पर नाकेबंदी की गई थी। आरोपी को पुलिस ने रियासत के प्रवेशद्वार लखनपुर से हिरासत में लिया है। आरोपी सागर पुत्र मंजीत राय निवासी चक लोहाट तहसील समराल लुधियाना लखनपुर से पंजाब की ओर निकलने की फिराक में था।
आपको बता दें कि पुलिस द्वारा गत दिवस उसे और एक अन्य आरोपी को पेशी के लिए कोर्ट ले जाया जा रहा था। यहां से वे पुलिस हिरासत से फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस प्रमुख ने सब इंस्पैक्टर दलजीत सिंह और सेलेक्शन ग्रेड किशोरी लाल को निलंबित कर दिया था जबकि एस.पी.ओ. देस राज को पुलिस लाइन हाजिर किया था। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस गत दिवस से ही अपने अभियान को जारी रखे हुए थी।