Edited By Yaspal,Updated: 07 Jun, 2023 12:02 AM

आगामी विधानसभा चुनाव और साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। सूत्रों से खबर मिल रही है कि भाजपा जल्द ही संगठन में बड़े बदलाव कर सकती है
नेशनल डेस्कः केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक तंत्र की समीक्षा के साथ ही उसे और मजबूत बनाने के मकसद से पिछले 24 घंटे में मैराथन बैठकें कीं।
सूत्रों ने बताया कि महासचिव (संगठन) बी एल संतोष सहित पार्टी नेताओं ने सोमवार रात और मंगलवार को बैठक की। बैठकों के एजेंडे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि पार्टी सूत्रों ने कहा कि बैठकों में वर्तमान राजनीतिक स्थिति के साथ ही संगठनात्मक मामलों का जायजा लिया गया।
सूत्रों ने बताया कि भाजपा कुछ राज्यों में अपने संगठन में कुछ बदलाव कर सकती है और अपने पदाधिकारियों को नई भूमिकाएं सौंप सकती है। कर्नाटक विधानसभा चुनावों में कांग्रेस से हारने के बाद, भाजपा आगामी राज्य विधानसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
राजस्थान और छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जहां कांग्रेस सत्ता में है। मध्य प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव हैं जहां भाजपा का शासन है। तेलंगाना में भी चुनाव होने हैं, जहां 2014 में राज्य के गठन के बाद से भारत राष्ट्र समिति शासन कर रही है। भाजपा की कोशिश जहां राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने की है वहीं मध्य प्रदेश में सत्ता बचाए रखने की भी उसके समक्ष चुनौती है। तेलंगाना में भी भाजपा बीआरएस को पटखनी देने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है।
लगातार दो विधानसभा चुनावों में मिली करारी शिकस्त
भारतीय जनता पार्टी को हाल ही में दो विधानसभा चुनावों में बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। जेपी नड्डा के गृह राज्य हिमाचल में भाजपा सत्ता से बाहर हो गई, जबकि कर्नाटक में भाजपा को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि जल्द ही भाजपा में बड़े बदलाव हो सकते हैं। कर्नाटक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धुंआधार प्रचार के बावजूद भाजपा अपनी हार को नहीं टाल सकी। वहीं, हिमाचल में कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण में खामियां की बात कही थी।