Edited By vasudha,Updated: 07 Jul, 2019 11:15 AM
श्याम प्रसाद मुखर्जी की 118वीं जयंती के मौके पर भाजपा ने अपने नए लक्ष्य यानी हर बूथ पर कमल खिलाने के लिए नया सदस्यता अभियान शुरू किया। पार्टी इसे उत्सव के अंदाज में लेकर चल रही है...
नई दिल्ली(सुनील पांडेय): श्याम प्रसाद मुखर्जी की 118वीं जयंती के मौके पर भाजपा ने अपने नए लक्ष्य यानी हर बूथ पर कमल खिलाने के लिए नया सदस्यता अभियान शुरू किया। पार्टी इसे उत्सव के अंदाज में लेकर चल रही है। यही कारण है कि इसका नाम संगठन पर्व रखा गया है। 11 करोड़ सदस्यों वाली पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। नये अभियान से करीब ढाई करोड़ सदस्य और जोडऩे की तैयारी है। इसके लिए पार्टी ने कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक और कच्छ से लेकर कामरूप तक पूरे देश में एक साथ सदस्यता अभियान-2019 शुरू किया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने समसाबाद, तेलंगाना से शुरू किया। प्रधानमंत्री ने सदस्य बनाने के लिए एक नि:शुल्क डायल करने योग्य मोबाइल नंबर 8980808080 लॉन्च किया।
भाजपा में दो तरह की होती है सदस्यता
भाजपा में दो तरह से सदस्यता होती है। पहला कि हर छह साल में सदस्यता का नवीनीकरण होता है। क्योंकि जो पार्टी के सदस्य बने हैं, उन्हें पुनर्विचार का अधिकार दिया जाना चाहिए। दूसरा पार्टी के विस्तार के लिए सदस्यता जिसमें हर तीन वर्ष में 20 फीसदी की वृद्धि के लिए अभियान चलाया जाता है। इस बार सदस्यता अभियान का संगठन पर्व पार्टी के विस्तार वाला कार्यक्रम है। भाजपा में आजीवन सदस्यता नाम की कोई व्यवस्था नहीं है।
तीन माध्यमों से बनाए जाएंगे सदस्य
इस अभियान के जरिये 20 फीसदी नए सदस्य बढ़ाना पार्टी का लक्ष्य है। सदस्यता अभियान 6 जुलाई से 11 अगस्त, 2019 तक जारी रहेगी। सदस्यता ऑनलाइन, मोबाइल (8980808080 पर नि:शुल्क मिस्ड कॉल द्वारा) अथवा सदस्यता पत्रक (जहां मोबाइल नेटवर्क न हो, वहां व्यक्तिगत रूप से भरकर) द्वारा प्राप्त किया जा सकेगा।
टारगेट में हैं ये इलाके और बस्तियां
अब लाभार्थियों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, छात्रावासों, शहीदों के परिवारों एवं झुग्गी-झोपडिय़ों में सघन संपर्क कर सदस्य बनाया जाएगा। मॉल, बाजार, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक केन्द्रों पर एक अभियान लेकर नुक्कड़ सभाओं/नाटकों द्वारा, रोड शो के माध्यम से, केनोपी एवं स्टॉल लगाकर एवं मोबाइल द्वारा मिस्ड कॉल करवाकर सदस्यता लक्ष्य को हासिल किया जाएगा। इस अभियान में संपर्क करते समय यह विशेष ध्यान रखा जाएगा कि समाज का छोटा से छोटा एवं बड़ा से बड़ा कोई वर्ग न छूटे। पार्टी की महिला मोर्चा दारा महिलाओं के छोटे-छोटे दल बनाकर घर-घर सघन संपर्क कर सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए उतारा गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य पुराने सदस्यों को सत्यापित करते हुए भारतीय जनता पार्टी से जुडऩे की इच्छा वाले समस्त भारतीयों को भाजपा परिवार का सदस्य बनाना है।