Edited By Yaspal,Updated: 07 Aug, 2018 07:12 PM
दिल्ली विधानसभा में हुए हंगामे के बाद विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता को मार्शल की सहायता से बाहर कर दिया गया।
नई दिल्लीः दिल्ली विधानसभा में हुए हंगामे के दौरान विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता को मार्शल की सहायता से बाहर कर दिया गया। गुप्ता ने एक हजार बसों की खरीद में कथित घोटाले को लेकर परिवहन मंत्री कैलाश गहलौत से माफी की मांग की थी। मानसून सत्र के दूसरे दिन भाजपा के दो अन्य विधायकों ओम प्रकाश शर्मा और जगदीश प्रधान ने विरोध दर्ज कराने के लिए सदन से वॉक आउट किया।
रोहिणी से विधायक गुप्ता ने आरोप लगाया कि नियमों के खिलाफ बसों की खरीद का विरोध करने पर परिवहन आयुक्त को निशाना बनाया गया है।विपक्ष के नेता के अपनी मांग पर अड़े रहने के बाद आप विधायकों ने उनपर जवाबी हमला करते हुए उनके खिलाफ नारे लगाए।
विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने मार्शल को गुप्ता को बाहर करने के निर्देश दिए। इसके बाद सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई। उन्हें कल दिल्ली के लिए राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) की मांग को लेकर सदन की कार्यवाही बाधित करने के लिए मार्शलों के जरिए बाहर करा दिया गया था।