Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Apr, 2018 12:02 PM
भाजपा के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर बयान जारी किया है। उन्होंने लगातार कई ट्वीट करते हुए भाजपा द्वारा किए गए उपवास का मजाक उड़ाया है। पटना से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि भाजपा ने स्वयं विपक्ष में रहते हुए कई...
पटनाः भाजपा के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर बयान जारी किया है। उन्होंने लगातार कई ट्वीट करते हुए भाजपा द्वारा किए गए उपवास का मजाक उड़ाया है।
पटना से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि भाजपा ने स्वयं विपक्ष में रहते हुए कई बार सदन की कार्रवाई को नहीं चलने दिया था। उन्होंने कहा कि क्या सदन की कार्रवाई अच्छे से ना चलने में केवल विपक्ष ही जिम्मेदार है? भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए कई दिनों, सप्ताह यहां तक कि कई महीनों तक संसद की कार्रवाई नहीं चलने दी थी।
शत्रुघ्न सिन्हा का कहना है कि उपवास में शामिल कई भाजपा के नेताओं ने पूर्व में यह बयान दिया था कि सदन की कार्रवाई का अच्छे ढंग से चलना पूरी तरह से सत्तापक्ष की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि पार्टी को इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
बता दें कि इससे पहले भी कई बार भाजपा के सांसद पार्टी के खिलाफ जाकर बयान जारी कर चुके हैं। उन्होंने अपने बयानों के चलते पार्टी को कई बार सवालों के कठघरे में लाकर खड़ा कर दिया है।