Edited By vasudha,Updated: 13 Sep, 2018 06:38 PM
तृणमूल कांग्रेस ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की शिकागो यात्रा रद्द होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर हमला बोला है...
नेशनल डेस्क: तृणमूल कांग्रेस ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की शिकागो यात्रा रद्द होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्यक्रम को रद्द करने के लिए आयोजकों पर इनकी तरफ से दबाव बनाया जिसमें ममता बनर्जी आमंत्रित थीं। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक भाषण की 125वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित किया गया था।
अत्याधिक दबाव के चलते कार्यक्रम हुआ रद्द
तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा-आरएसएस उस मौके पर शिकागो में केवल एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन चाहती थी। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डेरेक ओ ब्रायन ने एक बयान में कहा कि शिकागो की विवेकानंद वेदांत सोसाइटी ने स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक भाषण की 125वीं वर्षगांठ के अवसर पर ममता बनर्जी को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शिकागो आमंत्रित किया था। मुख्यमंत्री ने आयोजकों को अपने वहां आने की पुष्टि की। बाद में पता चला कि अत्याधिक दबाव के चलते आयोजकों को मजबूर होकर कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।
विदेश मंत्रालय ने आरोपों को किया खारिज
ब्रायन ने कहा कि यह सब जानते हैं कि भाजपा-आरएसएस शिकागो में केवल एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन चाहती थी और वह कार्यक्रम विश्व हिंदू कांग्रेस के बैनर के तहत होना था और इस कार्यक्रम में मोहन भागवत को शामिल होना था। वहीं विदेश मंत्रालय ने बुधवार को उन खबरों को खारिज कर दिया था जिसमें कहा गया था कि विश्व हिंदू सम्मेलन में शामिल होने के लिए बनर्जी को शिकागो जाने की अनुमति नहीं दी गई थी।