Edited By shukdev,Updated: 09 Feb, 2019 07:31 PM
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने सहयोगी दलों के साथ आगामी लोकसभा के चुनाव में महाराष्ट्र की बारामती समेत 43 सीटों पर विजय दर्ज करेगी। फडनवीस ने शनिवार को बूथ प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा...
पुणे: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने सहयोगी दलों के साथ आगामी लोकसभा के चुनाव में महाराष्ट्र की बारामती समेत 43 सीटों पर विजय दर्ज करेगी। फडनवीस ने शनिवार को बूथ प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि बारामती राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार का गढ़ है लेकिन जनता पवार के ‘पावर’ से ऊब चुकी है, इसलिए इस बार बारामती में भी कमल का फूल खिलेगा।
फडनवीस ने कहा कि यदि महाराष्ट्र में कांग्रेस सत्ता में वापस आती है तो यह एक ऐतिहासिक गलती होगी। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा और सहयोगी दलों ने 42 सीटों पर चुनाव जीता था लेकिन इस बार बारामती की भी सीट भाजपा जीतेगी। उन्होंने कहा कि वह राज्य की सभी 48 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और पूरी उम्मीद है कि जनता भाजपा के काम को समझेगी। राज्य की भाजपा नीत सरकार ने किसानों के हित के लिए कई नीतियां लागू की हैं और वह किसानों की सभी समस्याओं का हल करेंगे। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि ऐतिहासिक भूल नहीं करें, अन्यथा राज्य के विकास का काम ठप हो जाएगा।