Edited By Punjab Kesari,Updated: 15 Mar, 2018 02:02 PM
उत्तर प्रदेश की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की करारी हार के बाद विपक्ष के निशाने पर आई प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की अपने भी आलोचना करने लगे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने तो इशारों इशारों में...
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की करारी हार के बाद विपक्ष के निशाने पर आई प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की अपने भी आलोचना करने लगे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने तो इशारों इशारों में मुख्यमंत्री पर हमला करते हुए कहा जो नेता अपनी सीट पर जीत नहीं दिला सकते उन्हें बड़े पद देना लोकतंत्र में आत्महत्या करने जैसा है।
इशारों में किया सीएम योगी पर हमला
स्वामी ने एक टेलीविजन चैनल से बाचतीत में योगी आदित्यनाथ पर इशारों में हमला किया । उन्होंने कहा जनता में जो लोकप्रिय है,वह किसी पद पर नहीं है। मेरा मानना है कि इन सब चीजों को दुरुस्त करने के लिए अब भी समय है। बिहार के पटना साहिब से सांसद और काफी समय से पार्टी पर हमला करते आ रहे शत्रुघ्न सिन्हा ने भी मौका नहीं चूका। उन्होंने ट्वीट किए सर यूपी बिहार के उपचुनाव के नतीजों ने आपको और हमारे लोगों का यह अहसास करा दिया होगा कि सीटबेल्ट बांधनी होगी। आगे कठिन समय है।
भाजपा की हुई करारी हार
बिहार और उत्तर प्रदेश में लोकसभा की तीन सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा की करारी हार हुई है। भाजपा गोरखपुर संसदीय सीट जो योगी आदित्यनाथ का गृह क्षेत्र हैं वहां समाजवादी पार्टी (सपा)के हाथों पराजित हुई । इससे पहले योगी आदित्यनाथ इस सीट से पांच बार लगातार सांसद चुने गए हैं। इसके अलावा फूलपुर जहां से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सांसद रहे भाजपा को वहां भी सपा के हाथों पराजय का मुंह देखना पडा। बिहार की अरारिया सीट से राष्ट्रीय जनता दल विजयी हुआ है।