Edited By Anil dev,Updated: 14 Dec, 2019 04:37 PM
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ राज्य में विभिन्न स्थानों पर हिंसक प्रदर्शन और तोडफ़ोड़ करने वालों को शनिवार को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ राज्य में विभिन्न स्थानों पर हिंसक प्रदर्शन और तोडफ़ोड़ करने वालों को शनिवार को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। बनर्जी ने लोगों से शांति बनाये रखने और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में उन्होंने कहा, कानून अपने हाथ में मत लीजिए। सड़क और रेल यातायात जाम मत कीजिए। सड़कों पर आम लोगों के लिए परेशानी खड़ी मत कीजिए।
उन्होंने कहा, सरकारी संपत्तियों को नुकसान मत पहुंचाइए। जो लोग परेशानियां खड़ी करने के दोषी पाये जायेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि संशोधित नागरिकता कानून और प्रस्तावित देशव्यापी एनआरसी का राज्य में कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा, यह मेरा अनुरोध है, लोगों के बीच भ्रम मत फैलाइए। संशोधित नागरिकता कानून को लेकर प्रदर्शन पूरे राज्य में फैल गया है। प्रदर्शनकारी हिंसा का सहारा ले रहे हैं और रेलवे स्टेशनों पर तोडफ़ोड़ कर रहे हैं। वे इस कानून को तत्काल वापस लेने की मांग कर रहे हैं। इस कानून के खिलाफ पूर्वोत्तर में व्यापक विरोध प्रदर्शन हो रहा है।