Edited By Pardeep,Updated: 16 Oct, 2026 10:40 PM

देश की राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक और राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक और राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पार्टी का दावा है कि दीपके हाथ में राष्ट्रीय ध्वज 'तिरंगा' लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें एहतियातन रोक लिया और हिरासत में ले लिया।
'अज्ञात जगह ले गई पुलिस, वकीलों से भी बात नहीं करने दे रही'
घटना के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'X' पर पोस्ट कर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने लिखा कि दिल्ली पुलिस अभिजीत दीपके को किसी अज्ञात स्थान पर ले गई है और उनसे संपर्क पूरी तरह टूट चुका है। इतना ही नहीं, उन्हें अपने वकीलों से भी बातचीत नहीं करने दी जा रही है।
अकेले पैदल जा रहे थे दीपके, नहीं थी कोई भीड़
पार्टी के अनुसार, यह कार्रवाई 16 अक्टूबर को उस समय हुई जब अभिजीत दीपके एनसीपी (एसपी) के प्रवक्ता अनीश गावंडे के आवास के बाहर अकेले पैदल जा रहे थे। सीजेपी ने स्पष्ट किया कि उनके साथ न तो कोई भीड़ थी और न ही वे किसी तरह का प्रदर्शन कर रहे थे। पार्टी ने पहले ही अपने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील की थी कि वे कोई बड़ी भीड़ इकट्ठा न करें, बल्कि छोटे-छोटे समूहों में आकर तिरंगे के साथ केवल एक तस्वीर खिंचाएं और बिना किसी हंगामे के शांतिपूर्वक लौट जाएं।
'क्या देश की राजधानी में तिरंगा लहराना अपराध है?'
हिरासत में लिए जाने के दौरान अभिजीत दीपके ने पुलिस की कार्रवाई पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने पुलिस से पूछा कि जब वे बिल्कुल अकेले जा रहे हैं और कोई भीड़ नहीं है, तो उन्हें क्यों रोका जा रहा है। दीपके ने कहा, "क्या अब अपने ही देश की राजधानी में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चलना अपराध हो गया है? अगर तिरंगे से प्यार करना कानून का उल्लंघन है, तो आपने सामान्य देशभक्ति को भी अपराध बना दिया है।"
CJP ने की निंदा: 'लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का प्रयास'
कॉकरोच जनता पार्टी ने इस पूरी कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे नागरिकों की लोकतांत्रिक भावनाओं को दबाने का प्रयास करार दिया है। पार्टी ने सवाल उठाया कि सरकार देश के युवाओं के साथ आतंकवादियों जैसा बर्ताव क्यों कर रही है? CJP ने कहा कि आम नागरिकों के हाथों में मौजूद तिरंगे की शांतिपूर्ण ताकत से प्रशासन डर गया है, लेकिन चुनावी न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।