Edited By Yaspal,Updated: 06 Sep, 2018 12:29 AM
गोवा में कांग्रेस ने बुधवार को दावा किया कि सत्तारूढ़ भाजपा के तीन विधायक उनके संपर्क में है,जिनकी सहायता से विपक्षी पार्टी...
पणजीः गोवा में कांग्रेस ने बुधवार को दावा किया कि सत्तारूढ़ भाजपा के तीन विधायक उनके संपर्क में है,जिनकी सहायता से विपक्षी पार्टी मनोहर र्पिरकर की अगुआई वाली गठबंधन सरकार को गिराया जा सकता है। भाजपा ने हालांकि इस दावे को खारिज करते हुए कहा कांग्रेस ‘‘मूर्ख’’ बना रही है।
कांग्रेस गोवा के प्रवक्ता एवं विधायक दयानंद सोप्ते ने एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया,‘‘भाजपा के तीन विधायक र्पिरकर नीत सरकार को गिराने के लिए पार्टी में शामिल होने के लिए कांग्रेस के संपर्क में है।’’ उन्होंने हालांकि विधायकों के नाम बताने से इनकार कर दिया। सोप्ते ने कहा,‘‘मैंने आज समाचार पत्रों में पढ़ा कि कुछ कांग्रेस विधायक भाजपा के पास जा सकते हैं। जहां तक मेरा संबंध है, किसी ने मुझसे संपर्क नहीं किया है और न ही मैंने किसी से संपर्क किया है। ये भाजपा द्वारा फैलाई गई अफवाहें हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि इसके विपरीत, भाजपा के तीन विधायकों ने हमसे संपर्क किया है।
सोप्ते ने कहा कि यदि तीन विधायक आ गये तो संख्या कांग्रेस के पक्ष में हो जायेगी। उन्होंने कहा,‘‘यदि आप संख्या देखे तो कांग्रेस के 40 सदस्यीय सदन में 16 विधायक हैं। यदि उनके (भाजपा) के तीन विधायक हमारे साथ आ जाते है तो हमारी संख्या 19 हो जायेगी।’’ सत्तारूढ़ भाजपा के 14 विधायक हैं। जब इस संबंध में भाजपा की गोवा इकाई के अध्यक्ष विनय तेंदुलकर से संपर्क किया गया तो उन्होंने सोप्ते के दावे को खारिज किया।