'राजस्थान निकाय चुनाव में सच्चाई के सामने कांग्रेस की 'झूठ की गूंज' बेअसर', भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

Edited By Updated: 14 Sep, 2026 09:50 PM

congress s echo of lies ineffective against the truth in rajasthan civic poll

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि वह कांग्रेस के ''झूठ की गूंज'' और उसके प्रचार के बावजूद ''शानदार जीत'' की ओर बढ़ रही है। भाजपा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय...

नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि वह कांग्रेस के ''झूठ की गूंज'' और उसके प्रचार के बावजूद ''शानदार जीत'' की ओर बढ़ रही है। भाजपा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कोटा में पार्टी के प्रदर्शन का भी विशेष रूप से उल्लेख किया। कोटा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी का छात्र-केंद्रित कार्यक्रम 'छात्रों की गूंज' आयोजित किया था।

त्रिवेदी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि चुनाव परिणामों से पता चलता है कि कांग्रेस के दावों में ''जमीनी हकीकत कम और दुष्प्रचार अधिक'' था। राजस्थान में सत्तारूढ़ भाजपा ने सोमवार को शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस पर अपनी बढ़त और मजबूत कर ली। कम से कम 10,200 वार्ड के परिणाम घोषित होने तक भाजपा ने 4,171 से अधिक वार्ड में जीत दर्ज कर ली है, जबकि विपक्षी कांग्रेस ने 3,597 वार्ड में जीत हासिल की है। भाजपा ने 80 सदस्यीय उदयपुर नगर निगम में 53 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया।

वहीं, 70 सदस्यीय भीलवाड़ा नगर निगम में उसने 45 वार्ड और 100 सदस्यीय कोटा नगर निगम में 53 वार्ड जीते। कांग्रेस ने बीकानेर में जीत दर्ज की और अजमेर तथा पाली में आगे चल रही है, जबकि जयपुर और अलवर में भाजपा ने कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया। त्रिवेदी ने दावा किया कि राजस्थान में 309 निकायों के लिए चुनाव हुए हैं और भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर लगभग सभी नगर निगमों में जीत हासिल करने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि इनमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगर पालिकाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा, ''फिलहाल 10 में से केवल एक नगर निगम में कांग्रेस आगे है, जबकि बाकी सभी नगर निगमों में भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर सरकार बनाने की स्थिति में है।'' उन्होंने दावा किया कि जयपुर, जोधपुर और कोटा में भाजपा के प्रदर्शन से पता चलता है कि राजस्थान की जनता ने नगर निगमों के विभाजन की नीति को ''पूरी तरह खारिज'' कर दिया है। उन्होंने कहा, ''यह एक बार फिर दिखाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है और राजस्थान की जनता ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार को भी सकारात्मक समर्थन दिया है।''

त्रिवेदी ने कोटा में भाजपा के प्रदर्शन का विशेष रूप से उल्लेख किया। कोटा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' आयोजित किया था। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों से पता चलता है कि कांग्रेस के दावों में ''जमीनी हकीकत कम और दुष्प्रचार अधिक'' है। उन्होंने दावा किया, ''कोटा में, जहां राहुल गांधी गए थे और 'झूठ की गूंज' पैदा करने की कोशिश की थी, वहां भाजपा शानदार जीत की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। यह कहीं न कहीं दिखाता है कि कांग्रेस के दावों में दुष्प्रचार अधिक और जमीनी हकीकत कम है।''

उन्होंने आरोप लगाया कि अतीत में कांग्रेस सरकार ने राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनावों के साथ ''खिलवाड़ किया'' था और जनता ने अब उसे ''मुंहतोड़ जवाब'' दिया है। उन्होंने कहा, ''कांग्रेस सरकार के दौरान राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनाव आठ चरणों में कराए गए थे। हमारी सरकार ने इन्हें एक ही चरण में कराया।'' उन्होंने कहा, ''हमने एक राज्य, एक चुनाव किया। कांग्रेस ने चुनाव चरणों में कराए और इसके बावजूद वह सफलता हासिल नहीं कर सकी।''

त्रिवेदी ने छह जिलों - बूंदी, दौसा, हनुमानगढ़, करौली, धौलपुर और भरतपुर में भाजपा की बढ़त का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों में इन जिलों के किसी भी स्थानीय निकाय में भाजपा एक भी बोर्ड बनाने में सफल नहीं हुई थी। उन्होंने कहा, ''इस बार इन जिलों में भी भाजपा मजबूती से आगे बढ़ रही है।'' उन्होंने इसे भाजपा के ''सामाजिक और भौगोलिक विस्तार'' की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। त्रिवेदी ने कहा, ''कांग्रेस पार्टी चाहे जहां भी प्रचार करे और चाहे जितने भी निरर्थक बयान दे, सच्चाई के सामने 'झूठ की गूंज' अप्रभावी और निरर्थक साबित हो जाती है।'' 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!