Edited By Anil dev,Updated: 26 Jun, 2020 12:01 PM
कोरोना वायरस (कोविड-19) ने देश में सबसे अधिक महाराष्ट्र और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोगों को अपनी चपेट में लिया है और यहां अब तक 221523 लोग संक्रमित हुए हैं जो देशभर के संक्रमितों की कुल आबादी का 45.18 प्रतिशत है।
नई दिल्ली: कोरोना वायरस (कोविड-19) ने देश में सबसे अधिक महाराष्ट्र और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोगों को अपनी चपेट में लिया है और यहां अब तक 221523 लोग संक्रमित हुए हैं जो देशभर के संक्रमितों की कुल आबादी का 45.18 प्रतिशत है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 17296 नये मामले दर्ज किये गये हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 490401 हो गई है। देश में अब तक इस महामारी से कुल 15301 लोगों की मौत हुई है तथा 2,85637 लोग स्वस्थ हुए हैं। देश में इस समय कोरोना के 1,89463 सक्रिय मामले हैं।
तीसरे स्थान पर तमिलनाडु
कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में तमिलनाडु तीसरे स्थान पर है, जहां कुल संक्रमितों की संख्या अब 70,977 पहुंच गयी है और अब तक इस वायरस से 911 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 39,999 लोगों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। देश का पश्चिमी राज्य गुजरात कोविड-19 के संक्रमितों की संख्या मामले में चौथे स्थान पर है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में यह महाराष्ट्र और दिल्ली के बाद तीसरे स्थान पर है। गुजरात में अब तक 29,520 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 1753 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 21,498 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं। आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के अब तक 20,193 मामले सामने आए हैं तथा इस वायरस से 611 लोगों की मौत हुई है जबकि 123,119 मरीज स्वस्थ हो गए हैं।
राजस्थान में भी जोरों पर है कोरोना का प्रकोप
राजस्थान में भी कोरोना का प्रकोप जोरों पर है और यहां संक्रमितों की संख्या 16,296 हो गयी है और अब तक 379 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12,840 लोग पूरी तरह ठीक हुए है। पश्चिम बंगाल में 15,648 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 606 लोगों की मौत हुई है और अब तक 10,190 लोग स्वस्थ हुए हैं। मध्य प्रदेश में 12,596 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं और 542 लोगों की इससे मौत हुई है जबकि 9619 लोग स्वस्थ हुए हैं। दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक में 10,118 और आंध्र प्रदेश में 10,331 लोग संक्रमित हुए हैं तथा इन राज्यों में इससे मरने वालों की संख्या क्रमश: 164 और 124 है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6,549 हो गई है और अब तक इससे 90 लोगों की मौत हुई है। इस महामारी से हरियाणा में 198, पंजाब में 120, बिहार में 57, उत्तराखंड में 36, केरल में 22, ओडिशा में 17 , छत्तीसगढ़ में 12, झारखंड में 12 , असम, पुड्डुचेरी और हिमाचल प्रदेश में क्रमश:नौ-नौ , चंडीगढ़ में छह, गोवा में दो तथा त्रिपुरा, लद्दाख और मेघालय में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।