Edited By vasudha,Updated: 04 Nov, 2018 10:55 AM
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश कांग्रेस में पहली बार कुछ कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की आहट है। कार्यकारी अध्यक्षों को कब तक नियुक्त किया जाएगा...
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश कांग्रेस में पहली बार कुछ कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की आहट है। कार्यकारी अध्यक्षों को कब तक नियुक्त किया जाएगा, इसके बारे में पार्टी हाईकमान राहुल गांधी द्वारा ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। पार्टी के नेता इस मामले पर एकदम चुप्पी साधे हुए हैं।
सूत्रों की मानें तो कुछ दिन पहले जिस दौरान माकन अपने पद से इस्तीफा देकर उपचार कराने के लिए विदेश रवाना हो गए थे, उसके बाद से ही इस तरह की चर्चाओं ने जोर पकड़ा था कि माकन के बाद दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की कमान एक बार फिर से शीला दीक्षित को सौंपी जा सकती है। इसके साथ -साथ पार्टी में कई कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जा सकते हैं। उस दौरान ऐसी चर्चा भी थी कि जो कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे, उनमें प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्षों को भी शामिल किया जा सकता है। लेकिन कांग्रेस के किसी भी नेता ने इस बात की पुष्टि नहीं की थी।
इस तरह की चर्चा एक बार फिर से शुरू हुई है कि अजय माकन को तो प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद से मुक्त नहीं किया जाएगा लेकिन पार्टी का कामकाज सुचारू और तेज गति से चलाने के लिए 4 कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जा सकते हैं। ये चारों ईस्ट, वेस्ट, नार्थ और साऊथ से होंगे। इनमें किस-किस को शामिल किया जाएगा इसके बारे में किसी ने कोई जानकारी नहीं दी है।
चर्चा है इनमें सुभाष चोपड़ा, हारून यूसुफ, अरविंदर सिंह लवली, राजकुमार चौहान, महाबल मिश्रा, मुकेश शर्मा आदि हो सकते हैं। सूत्रों की मानें तो दिसम्बर तक राज्यों के चुनाव सम्पन्न होने के बाद ही इस बारे में कोई निर्णय लिया जाएगा। एक चर्चा यह भी है कि इससे पार्टी में गुटबाजी पनप सकती है क्योंकि काफी नेता कार्यकारी अध्यक्ष बनने की रेस में शामिल हो सकते हैं।