Edited By seema,Updated: 02 Jan, 2020 03:45 PM
दिल्ली के उद्योग नगर के पीरागढ़ी की एक फैक्ट्री में गुरुवार को आग लग गई। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सुबह 4 बजकर 23 मिनट पर फैक्ट्री में आग लगने के बारे में जानकारी मिली थी जिसके बाद दमकल के सात वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया। फायर...
नई दिल्लीः उत्तर पश्चिम दिल्ली के पीरागढ़ी क्षेत्र में गुुरुवार को बैटरी की एक फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा आग लगने के कारण हुए भीषण धमाके के बाद ढह गया जिससे 13 दमकलकर्मियों समेत 14 लोग घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि एक दमकल कर्मी अब भी इमारत के मलबे में फंसा हुआ है। घटनास्थल पीरागढ़ी के उद्योग नगर में है। अधिकारी ने बताया कि तड़के 4 बजकर 23 मिनट पर फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली जिसके बाद दमकल वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया।
दमकल कर्मी जब आग बुझा रहे थे तभी विस्फोट हुआ और इमारत का बड़ा हिस्सा गिर गया। इमारत से धुएं का गुबार निकल रहा था। एक चश्मदीद ने बताया कि इमारत से कई विस्फोट होने की आवाजें आईं। एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के कर्मी और अन्य अधिकारी स्थिति को काबू में करने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दमकल की 35 गाड़ियां घटनास्थल पर मौजूद थीं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री के एक सुरक्षाकर्मी समेत घायलों को निकटतम अस्पताल ले जाया गया है।
केजरीवाल ने अग्निकांड पर जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दुख जताया और कहा कि वह हालात पर करीब से नजर रख रहे हैं। कई लोग मलबे के अंदर फंसे हुए हैं और बचाव अभियान जारी है। केजरीवाल ने ट्वीट किया कि हादसे के बारे में जानकर बेहद दुख हुआ। हालात पर करीब से नजर रख रहा हूं। दमकलकर्मी हर संभव कोशिश कर रहे हैं। प्रार्थना कर रहा हूं कि मलबे में फंसे लोग सुरक्षित हों।