Edited By Anil dev,Updated: 04 Oct, 2018 05:03 PM
दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को यहां एक अदालत को बताया कि उसने पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत मामले में आरोपी कांग्रेसी नेता शशि थरूर को सभी साक्ष्यों की प्रतियां सौंप दी हैं। अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट समर विशाल को दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ लोक...
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को यहां एक अदालत को बताया कि उसने पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत मामले में आरोपी कांग्रेसी नेता शशि थरूर को सभी साक्ष्यों की प्रतियां सौंप दी हैं। अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट समर विशाल को दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ लोक अभियोजक अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि थरूर को दी गई प्रतियों में इलेक्ट्रॉनिक तथा दस्तावेजी साक्ष्य शामिल हैं।
थरूर की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता विकास पहवा ने दस्तावेजों के सत्यापन के लिए अदालत से समय मांगा। दस्तावेजों में इस मामले में दर्ज विभिन्न गवाहों के बयान शामिल हैं। अदालत ने थरूर को एक सप्ताह का समय दिया और इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 12 अक्टूबर की तारीख तय की।
गौरतलब है कि सुनंदा 17 जनवरी 2014 की रात को शहर के एक आलीशान होटल के कमरे में मृत मिली थीं। थरूर के आधिकारिक बंगले में मरम्मत का काम चलने के कारण दंपति होटल में रह रहा था। अदालत ने दिल्ली पुलिस को आरोपपत्र के अलावा गवाहों के बयान सहित विभिन्न दस्तावेज थरूर को सौंपने का निर्देश दिया था।