दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दक्षिणी-पूर्वी नगर निगमों को लिखा पत्र, अवैध अतिक्रमण पर बुल्डोजर चलाने को कहा

Edited By Yaspal,Updated: 22 Apr, 2022 12:26 AM

delhi state president wrote a letter to the south east municipal corporations

दिल्ली के जहांगीरपुरी में हिंसा के बाद दिल्ली का माहौल गर्म है। हनुमान जयंती पर शोभायात्रा के दौरान जहांगीरपुरी में हुए पथराव के बाद सियासत अपने चरन पर है। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दिल्ली के दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली नगर...

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) द्वारा हिंसा प्रभावित जहांगीरपुरी में कई ‘‘अवैध'' ढांचों को ढहाने के एक दिन बाद पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख आदेश गुप्ता ने पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली नगर निगमों के महापौरों को भी उनके क्षेत्रों में ‘‘रोहिंग्या, बांग्लादेशियों और असामाजिक तत्वों द्वारा सरकारी जमीन पर किये गये अतिक्रमण'' को समाप्त करने के लिए, इसी तरह का अभियान चलाने के लिए पत्र लिखा।


गुप्ता ने इस मुद्दे पर यहां दो संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया, जिस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) को एक "दंगा पार्टी" करार दिया और आरोप लगाया कि उसके विधायक और पार्षद दिल्ली में "अवैध रूप से" रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करने में "मदद" कर रहे हैं।

जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती शोभायात्रा के दौरान क्षेत्र में हिंसा भड़कने के बाद गुप्ता ने उत्तर दिल्ली नगर निगम को पत्र लिखा था, जिसके बाद निगम ने बुधवार को इलाके में अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया। हालांकि, उच्चतम न्यायालय के यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश पर डेढ़ घंटे तक चले इस अभियान को रोक दिया गया था।

गुप्ता ने बृहस्पतिवार को पत्र साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘दक्षिण और पूर्वी दिल्ली नगर निगमों के महापौरों और आयुक्तों को पत्र लिखकर उन्हें उनके क्षेत्रों में बांग्लादेशी, रोहिंग्या और असामाजिक तत्वों द्वारा सरकारी भूमि के अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर का उपयोग करके सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा है।'' हालांकि, पत्रों में "रोहिंग्या और बांग्लादेशियों" का उल्लेख नहीं है।

गुप्ता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के समर्थन में आ गए थे जिन्हें उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले साल यमुना खादर में अपनी जमीन से हटा दिया था। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आप का दूसरा नाम अब दंगा पार्टी है। इसके विधायकों और पार्षदों ने रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को दिल्ली में बसाने में मदद की है। केजरीवाल सरकार उन्हें मुफ्त राशन, पानी और बिजली मुहैया कराती है।'' उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उन्हें (आप नेताओं को) लोगों और देश की कोई चिंता नहीं है। उनकी एकमात्र चिंता वोट है।'' आप नेताओं ने भाजपा पर हमला करते हुए आरोप लगाया है कि वह पिछले आठ वर्षों में देश भर में रोहिंग्याओं और बांग्लादेशियों को बसाने के लिए जिम्मेदार है।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित पार्टी नेताओं ने बुधवार को यह भी कहा कि देश को दंगों से मुक्त करने के लिए भाजपा मुख्यालय को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। गुप्ता ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे जहांगीरपुरी में "दंगाइयों" को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

जहांरीपुरी में शनिवार को हनुमान जयंती की शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई थी, जिसमें हिंदू और मुस्लिम दोनों ने एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया था। झड़पों के दौरान कम से कम नौ लोग घायल हो गए, जिनमें आठ पुलिसकर्मी थे। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘कांग्रेस और वामपंथी नेता दंगाइयों को खुश करने के लिए जहांगीरपुरी गए हैं। मुझे यह भी पता चला है कि ममता बनर्जी (टीएमसी प्रमुख) भी उनसे मिलने आ रही हैं।''

 

Related Story

India

397/4

50.0

New Zealand

327/10

48.5

India win by 70 runs

RR 7.94
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!