तमिलनाडु में कोरोना से डीएमके के विधायक अनबाझागन की मौत, जन्मदिन पर ली आखिरी सांस

Edited By Anil dev,Updated: 10 Jun, 2020 05:36 PM

dmk tamil nadu j anbazhagan corona virus mk stalin

द्रमुक विधायक एवं तमिलनाडु विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल के मुखर सदस्य जे अनबझगन का आठ दिन तक कोरोना वायरस संक्रमण से जूझने के बाद यहां एक निजी अस्पताल में बुधवार को निधन हो गया। विधायक अनबझगन का 10 जून, 1958 को जन्म हुआ था और संयोग से उनका निधन...

चेन्नई: द्रमुक विधायक एवं तमिलनाडु विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल के मुखर सदस्य जे अनबझगन का आठ दिन तक कोरोना वायरस संक्रमण से जूझने के बाद यहां एक निजी अस्पताल में बुधवार को निधन हो गया। विधायक अनबझगन का 10 जून, 1958 को जन्म हुआ था और संयोग से उनका निधन उनके 62वें जन्मदिन पर हुआ। वह कोविड-19 के कारण दम तोडऩे वाले राज्य के पहले विधायक और देश के संभवत: पहले चयनित प्रतिनिधि हैं। निजी अस्पताल डॉ. रेला इंस्टीट्यूट एंड मेडिकल सेंटर ने एक बयान में बताया कि 62 वर्षीय विधायक को कोविड-19 के कारण निमोनिया हो गया था, उनकी स्थिति गंभीर थी और उनकी तबियत आज तड़के तेजी से बिगड़ गई। उसने बताया कि अनबझगन को भर्ती किए जाने के एक दिन बाद उनकी श्वास संबंधी दिक्कत बढ़ गई थी। इसके बाद उन्हें तीन जून को वेंटिलेटर पर रखे जाने सहित हर प्रकार की चिकित्सकीय सहायता दी गई थी। अनबझगन किडनी संबंधी गंभीर बीमारी समेत कई बीमारियों से पहले से ग्रसित थे। उनके स्वास्थ्य में कुछ सुधार नजर आ रहा था। उनकी ऑक्सीजन की आवश्यकता कम होकर आधी हो गई थी, लेकिन सोमवार को उनकी तबियत ज्यादा बिगड़ गई। उनके शरीर में ऑक्सीजन की आवश्यकता एक बार फिर बढ़ गई। उनकी हृदय और गुर्दे संबंधी बीमारियों की स्थिति बिगड़ गई और उनकी स्थिति को नाजुक घोषित किया गया। 

भर्ती किए जाने के बाद, शुरुआत में उन्हें फेसमास्क के जरिए हाई फ्लो ऑक्सीजन से उनका उपचार किया जा रहा था। करीब 15 साल पहले उनका यकृत प्रतिरोपण हुआ था। इसके कारण वे दवाइयां ले रहे थे। ताबूत में सील अनबझगन के शव को सैकड़ों पार्टी कार्यकताओं और उनके परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में यहां सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पुलिस और नगर निकाय प्राधिकारियों को भीड़ को काबू करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित, मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी, पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी, द्रमुक प्रमुख एम के स्टालिन और कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने अनबझगन के निधन पर शोक व्यक्त किया है। द्रमुक के वरिष्ठ नेता पझकदई जयरामन के बेटे अनबझगन के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। उन्होंने चेन्नई में 18 साल तक पार्टी के जिला सचिव के तौर पर सेवाएं दीं। अनबझगन चेन्नई पश्चिम जिला सचिव थे। उन्होंने सफलतापूर्ण कई पार्टी समारोह आयोजित किए थे और वह पार्टी प्रमुख एम के स्टालिन के निकट थे। विधानसभा में पीछे बैठने वाले अनबझगन सदन में द्रमुक के जाने-माने मुखर विधायक थे तथा कई मामलों पर सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक के विधायकों एवं मंत्रियों के साथ उनकी जोरदार बहस होती थी। 

अन्नाद्रमुक सरकार के बड़े आलोचक अनबझगन ने इस साल जनवरी में विधानसभा में राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित के संबोधन की प्रति फाड़ दी थी और उसे अध्यक्ष पी धनपाल की मेज पर रख दिया था। उन्हें कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया गया था। अनबझगन 2001, 2011 और 2016 में विधानसभा में चुने गए थे। फिल्म निर्माता, वितरक एवं कारोबारी अनबझगन ने एक मीडिया पोर्टल को हाल में एक साक्षात्कार दिया था, जिसमें उन्होंने लोगों से सचेत रहने और कोरोना वायरस को फैलने से रोकने में मदद करने की सलाह दी थी। उनका यह साक्षात्कार सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने कहा कि अनबझगन द्रमुक के एक मुख्य पदाधिकारी थे। उन्होंने शोकसंतप्त परिवार एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदना प्रकट की। द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन ने अनबझगन के निधन पर शोक व्यक्त किया था। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर यहां पार्टी कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। स्टालिन ने अनबझगन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने कोविड-19 से निपटने के लिए लोगों के कल्याण संबंधी पार्टी के कार्यक्रम आगे बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत की। 

स्टालिन ने कहा कि अनबझगन वैश्विक महामारी के दौरान लोगों के लिए समर्पित रूप से कार्य करते हुए संक्रमित हुए। उनके सम्मान में पार्टी का झंडा तीन दिन आधा झुका रहेगा और पार्टी के कल्याण समारोहों को स्थगित कर दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री सी विजयभास्कर ने ट्वीट किया, च्च्मैं आज सुबह विधायक अनबझगन के निधन से बहुत दु:खी हूं। मैं उनके परिवार, उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोगों और उनकी पार्टी के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।'' पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने तमिलनाडु के विधायक जे अनबझगन के निधन पर बुधवार को शोक व्यक्त किया। नारायणसामी ने अपने संदेश में अनबझगन को द्रविड़ आंदोलन का कद्दावर नेता और द्रमुक का स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि द्रमुक विधायक का निधन द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन के लिए व्यक्तिगत क्षति है।

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!