Edited By vasudha,Updated: 21 Feb, 2020 05:57 PM
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा के दौरान उनके साथ आने वाले उच्चस्तरीय शिष्टमंडल में उनकी बेटी इवांका, दामाद जेरेड कुशनेर तथा शीर्ष अमेरिकी अधिकारियों का दल होगा। दरअसल इंवाका को इस समय विश्व की सबसे अधिक शक्तिशाली बेटी के रूप में भी...
इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा के दौरान उनके साथ आने वाले उच्चस्तरीय शिष्टमंडल में उनकी बेटी इवांका, दामाद जेरेड कुशनेर तथा शीर्ष अमेरिकी अधिकारियों का दल होगा। दरअसल इंवाका को इस समय विश्व की सबसे अधिक शक्तिशाली बेटी के रूप में भी जाना जाता है। जब ट्रंप ने राष्ट्रपति का चुनाव लड़ा था तो इंवाका ने ही प्रचार अभियान की कमान संभाली थी। फिलहाल इंवाका अपने पिता की सलाहकार है जो भारत दौरे पर पिता के साथ आ रही हैं।
ट्रंप की भारत यात्रा में उनके साथ पत्नी मेलानिया ट्रंप भी होंगी। अमेरिकी राष्ट्रपति 24 फरवरी को अहमदाबाद पहुंचेंगे। अहमदाबाद से वह आगरा जाएंगे और यात्रा के मुख्य चरण में राजधानी दिल्ली पहुंचेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अमेरिका ने पुष्टि की है कि इवांका ट्रंप और उनके पति तथा अमेरिकी राष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनेर शिष्टमंडल में शामिल होंगे। इवांका नवंबर 2017 में हैदराबाद में आयोजित वैश्विक उद्यमशीलता सम्मेलन में शामिल होने भारत आई थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर सम्मेलन में भाग लिया था। ट्रंप की यह पहली भारत यात्रा होगी।
ट्रंप अहमदाबाद में नवनिर्मित मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाले ‘नमस्ते ट्रंप' समारोह को मोदी के साथ संबोधित करेंगे। समारोह के बाद ट्रंप का परिवार आगरा जाएगा जहां वे सूर्यास्त से पहले करीब एक घंटे का वक्त ताज महल में बिताएंगे। वहां से वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। ट्रंप और प्रथम अमेरिकी महिला नागरिक मेलानिया का 25 फरवरी की सुबह राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में परंपरागत स्वागत किया जाएगा।
वहां से वे महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट जाएंगे। इसके बाद हैदराबाद हाउस में ट्रंप और मोदी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। दोनों नेताओं की वार्ता में आतंकवाद निरोधक कार्रवाई में सहयोग बढ़ाने, भारत-प्रशांत क्षेत्र में साझेदारी गहन करने, रक्षा और व्यापार संबंधों को सुदृढ़ करने तथा एच1बी वीजा पर भारत की चिंता के विषय आ सकते हैं।