Edited By Tanuja,Updated: 01 Nov, 2026 05:33 PM

दुबई की रियल एस्टेट कंपनी रिचकी प्रॉपर्टीज ने अपनी कर्मचारी नतालिया शावेज को शानदार प्रदर्शन के लिए करीब 4 करोड़ रुपये की लेम्बोर्गिनी उरुस भेंट की। नतालिया ने दो वर्षों में 500 मिलियन डॉलर से अधिक की बिक्री कराई थी। कंपनी की वर्षगांठ पर उन्हें चार...
Dubai: एक रियल एस्टेट कंपनी 'रिचकी प्रॉपर्टीज' ने अपनी बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली कर्मचारी नतालिया शावेज को करोड़ों रुपये की लग्जरी कार भेंट की है। दुबई की इस कंपनी के मालिक दबान ओथमान ने नतालिया के काम की सराहना करते हुए उन्हें लेम्बोर्गिनी उरुस तोहफे में दी, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है। नतालिया ने पिछले दो वर्षों में 500 मिलियन डॉलर यानी 4,760 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री पूरी की। उनके इसी शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें कंपनी की वर्ष 2026 की 'टॉप परफॉर्मर' चुना गया।
कंपनी की वर्षगांठ पर मिला बड़ा सरप्राइज
यह खास तोहफा कंपनी की तीसरी वर्षगांठ के समारोह के दौरान दिया गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नतालिया को पहले मंच पर बुलाया जाता है और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाता है। इसके बाद जब वह मंच से नीचे उतरने लगती हैं, तो उन्हें दोबारा बुलाया जाता है। उन्हें बताया जाता है कि उनके लिए एक और सरप्राइज रखा गया है। इसके बाद रिबन से सजी नई लेम्बोर्गिनी उरुस उनके सामने लाई जाती है और उन्हें खुद कार से पर्दा हटाने के लिए कहा जाता है।
इस तोहफे के साथ नतालिया को चार पुरस्कार भी दिए गए। 'रिचकी प्रॉपर्टीज' ने इंस्टाग्राम पर समारोह का वीडियो साझा करते हुए नतालिया की उपलब्धियों की तारीफ की। कंपनी के मुताबिक, नतालिया ने पहली से तीसरी तिमाही तक अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और 'रिचकी टॉप परफॉर्मर ऑफ 2026' का खिताब अपने नाम किया। इसी उपलब्धि के लिए उन्हें कंपनी का सबसे बड़ा पुरस्कार दिया गया।
नतालिया ने बताया अपनी सफलता का मंत्र
नतालिया ने एक साक्षात्कार में कहा था कि उनकी निरंतर मेहनत के पीछे एक खास लक्ष्य है। वह निवेशकों को दुबई में निवेश करने में मदद करना चाहती हैं और हर सौदे में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में सफलता पाने के लिए लगातार मेहनत करनी पड़ती है, क्योंकि यहां रुकने की गुंजाइश नहीं है। नतालिया के मुताबिक, उन्हें भरोसा था कि अपने करियर में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए उन्होंने सही कंपनी चुनी है।